75 कोरोना संक्रमितों ने भी किया मतदान
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में भी मंगलवार को जनता का खासा जोश दिखा। इस चुनाव में 80 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। अंतिम रिपोर्ट मिलने तक दूसरे चरण में कुल 12 लाख 49 हजार 123 मतदाताओं ने वोट दिया है। इनमें छह लाख 10 हजार 736 पुरुष और छह लाख 38 हजार 299 महिला मतदाता शामिल रहीं।
जिलावार मतदान की बात करें तो बिलासपुर जिला में बिलासपुर जिला में 79 फीसदी मतदान हुआ है, वहीं चंबा में 80.10 फीसदी, हमीरपुर में 76.80 प्रतिशत, कांगड़ा में 75.90 फीसदी, किन्नौर में 70.30 फीसदी, कुल्लू में 83.60 प्रतिशत, मंडी में 78.60 प्रतिशत, शिमला में 78.80 फीसदी, सिरमौर में 84.10 प्रतिशत, सोलन में 82.40 प्रतिशत तथा ऊना में 81.30 फीसदी तक मतदान दर्ज किया गया है। दूसरे चरण के मतदान में कोरोना संक्रमित मरीजों ने भी वोट डाला।
इनके लिए चुनाव आयोग ने आखिरी एक घंटे में मतदान की व्यवस्था रखी थी और सभी मतदान केंद्रों में स्वास्थ्य विभाग के कार्यकर्ता मौजूद थे। खबर लिखे जाने तक कुल 75 संक्रमित मरीजों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर में तीन, चंबा में तीन, हमीरपुर में 23, कांगड़ा में 15, कुल्लू में एक, मंडी में सात, सिरमौर में दो, सोलन में चार, शिमला में एक तथा ऊना जिला में 19 कोरोना संक्रमितों ने वोट डाला।

No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box