Showing posts with label Kangra news. Show all posts
Showing posts with label Kangra news. Show all posts

पैसे बचाने के लिए इंदौरा में गाडि़यों की रजिस्ट्रेशन में फर्जीबाड़ा, बंद गाडि़यां भी करवा लीं पास

 

पंजाब के 150 वाहनों का फर्जी दस्तावेजों के सहारे हिमाचल में करवाया गया पंजीकरण, अप्रैल से बंद गाडि़यां भी करवा लीं पास

एसडीएम कार्यालय इंदौरा में फर्जी डाक्युमेंट्स के सहारे गाडि़यों की रजिस्ट्रेशन का चौंका देने वाला मामला सामने आया है। ये गाडि़यां पंजाब के लोगों की हैं, लेकिन फर्जी डाक्युमेंट्स के सहारे इनकी रजिस्ट्रेशन हिमाचल में करवाई गई है। दरअसल पंजाब में गाडि़यों की रजिस्ट्रेशन फीस नौ फीसदी है, जबकि हिमाचल में तीन फीसदी। इस छह फीसदी के फायदे के लिए फर्जी रजिस्ट्रेशन का यह गैरकानूनी धंधा चल रहा था।

इसके अलावा भारत स्टेज 4 गाडि़यां, जो कि न्यायालय द्वारा अप्रैल 2020 को बंद कर दी गई थीं, की रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए भी लोगों ने जाली कागजातों का सहारा लिया है। इनमें ज्यादातर रजिस्ट्रेशन अप्रैल 2020  से लेकर सितंबर 2020 के बीच की गई हैं। इस मामले में एजेंटों और एसडीएम ऑफिस के कुछ कर्मियों की मिलीभगत से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इंदौरा के एसडीएम सोमिल गौतम ने कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान यह पाया गया कि लगभग 150 के करीब गाडि़यों की रजिस्ट्रेशन फर्जी पाई गई है।

उन गाडि़यों के मालिकों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। मोटर व्हीकल कानून के तहत अगर ये सभी लोग नोटिस में तय सीमा से पहले जवाब नहीं देते हैं, तो इन सभी गाडि़यों की रजिस्ट्रेशन रद्द कर दी जाएगी और इस फर्जीबाड़े में शामिल सभी लोगों के खिलाफ  कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इन सभी पर धारा 55 के तहत एफआईआर दर्ज की जाएगी, जिसकी सूची तैयार करके थाना इंदौरा में भेजी जा रही है। तत्काल प्रभाव से कार्यालय के लेखाअधिकारी को बदल दिया गया है व उसकी जगह नए लेखा अधिकारी की नियुक्ति की गई है।

उन्होंने कहा कि अभी तक हमने पिछले कुछ महीनों का रिकार्ड चैक किया है। अब सवाल यह उठता है कि यदि कुछ महीनों के रिकार्ड की जांच में ही 150 गाडि़यों की रजिस्ट्रेशन फर्जी निकली है, तो यदि इस कार्यालय में पंजीकृत सभी गाडि़यों की जांच की जाए, तो संभव है कि ऐसी गाडि़यों की संख्या बहुत अधिक हो सकती है। इससे पहले भी इंदौरा का एसडीएम कार्यालय सुर्खियों में रहा है, परंतु सोचने का विषय तो यह है कि सब कुछ ऑनलाइन होने के बावजूद इतना बड़ा घोटाला निकलना इस कार्यालय में काम कर रहे अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाता है। 

अगर इस कार्यालय की बारीकी से जांच की जाए, तो इस घोटाले में विभाग के बहुत से अधिकारी संलिप्त पाए जा सकते हैं। इस विषय पर जिलाधीश कांगड़ा राकेश प्रजापति से फोन पर बात करने की कोशिश की गई, हालांकि उनसे संपर्क नहीं हो पाया। (एचडीएम)

हिमाचल: सेना में जाने का मौका, पांच जिलों के युवा खुली भर्ती में ले सकेंगे भाग

हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए सेना में जाने का सुनहरा मौका है। कांगड़ा के पालमपुर में 14 फरवरी से सेना की खुली भर्ती होगी। इसमें कांगड़ा, चंबा, मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के युवा हिस्सा ले सकेंगे। पालमपुर और मंडी सेना भर्ती कार्यालय के माध्यम से संयुक्त रूप से यह भर्ती करवाई जाएगी। *कृषि विवि पालमपुर के मैदान में 14 फरवरी से 12 मार्च तक भर्ती होगी। इसमें सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर की ओर से 14 फरवरी सें 28 फरवरी तक कांगड़ा और चंबा के युवाओं के लिए सोल्जर सामान्य ड्यूटी और सोल्जर लिपिक एसकेटी वर्गों के लिय भर्ती करवाई जाएगी।जबकि सेना भर्ती कार्यालय मंडी की ओर से एक मार्च से 12 मार्च तक मंडी, कुल्लु और लाहौल-स्पीति के युवाओं के लिए भर्ती होगी।

भर्ती निदेशक मंडी कर्नल एम. राजा राजन ने बताया कि युवकों के लिए भारतीय थल सेना में सैनिक सामान्य ड्यूटी, सैनिक लिपिक/स्टोर कीपर, सैनिक तकनीकी, एविएशन, सैनिक तकनीकी, गोला बारूद परीक्षक और सैनिक तकनीकी नर्सिंग सहयोगी पदों की भर्ती 6 अक्तूबर से 14 अक्तूबर 2020 तक होनी थी। कोविड-19 के चलते यह भर्ती कुछ महीनों के लिए स्थगित करनी पड़ी। भर्ती रैली में वही उम्मीदवार भाग ले सकते हैं, जिन उम्मीदवारों ने इन पदों के लिए 20 सितंबर 2020 तक अपना पंजीकरण करवाया था। उम्मीदवार अपना एडमिट कार्ड अपनी आईडी से 10 फरवरी 2021 से डाउनलोड कर सकते हैं। 

साढे़ पांच बजे खुलेगा भर्ती प्रवेश द्वार : कर्नल सरोही

सेना भर्ती कार्यालय के भर्ती अधिकारी कर्नल संदीप सरोही ने कहा कि भर्ती के लिए प्रवेश द्वार सुबह साढ़े पांच बजे खुलेगा। सभी उम्मीदवारों से अनुरोध है कि वह प्रवेश द्वार के बाहर सुबह पांच बजे से पहले न आएं, साथ ही अपील की है कि युवा किसी दलाल या असामाजिक तत्वों के झांसे में न आएं। 

ऊना के इंदिरा मैदान में सेना भर्ती 18 मार्च से

ऊना में सेना भर्ती 18 से 25 मार्च तक होगी। भर्ती निदेशक मंडी कर्नल एम. राजा राजन ने बताया कि मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के युवकों के लिए थल सेना में सिपाही फार्मा पद के लिए 18 मार्च से 25 मार्च तक इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम ऊना में भर्ती करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इच्छुक नवयुवक भर्ती में भाग लेने के लिए अपना पंजीकरण सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर दो मार्च तक कर सकते हैं। 30 मई को लिखित परीक्षा होगी।

घर में करोड़ों मिलने पर क्लास फोर कर्मी सस्पेंड, धर्मशाला में इनकम टैक्स रेड प्रकरण

सरकारी कार्यालय में टेक्निकल पोस्ट पर मुख्य आरोपी, एजेंसियां अलर्ट

धर्मशाला के दाड़ी में इनकम टैक्स की बड़ी रेड के मामले में अभी तक दिल्ली के इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए हिमाचल में इस संबंध में सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। जिला एवं सत्र न्यायालय धर्मशाला कोर्ट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में सेवाएं दे रही महिला के घर संदिग्ध करोड़ों रुपए मिलने पर उसे सस्पेंड कर दिया है। जिला एवं सत्र न्यायधीश जेके शर्मा को सिविल जज धर्मशाला की ओर से सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए महिला कर्मचारी को संस्पेड किया गया है। 

सेशन जज ने इस संबंध में डिस्पलेनरी एक्शन लेते हुए चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी को संस्पेंड करने के आर्डर जारी कर दिए हैं। वहीं सरकारी कार्यालय में टेक्निकल पोस्ट पर बताए जा रहे मुख्य आरोपी, जिनके दाड़ी के घर में रेड पड़ी है, को लेकर अब राज्य की जांच एजेंसियां भी हाई अलर्ट पर हैं। मामले में बड़ा खुलासा हुआ है कि वर्ष 2017 में सिक्कों से जुड़े हुए मामले में भी उक्त व्यक्ति सहित अन्य दो आरोपियों पर सेंटर की टीम की ओर से ही बड़ी कार्रवाई हुई थी।

ऐसे में अब राज्य की जांच एजेंसियां भी अपने स्तर पर हिमाचल में हुई इस बड़ी वारदात को लेकर जांच में जुट गई हैं। वहीं, अगर दिल्ली की इनकम टैक्स की टीम की बात की जाए, तो उनकी ओर से मामले को लेकर कोई  आधिकारिक पुष्टि जारी नहीं की गई है। हालांकि मामले में करोड़ों रुपए कैश, संपत्ति व अन्य प्रॉपर्टी के दस्तावेज इनकम टैक्स की कई दिनों तक चली रेड में पकड़े जाने की विभागीय सूत्रों से पुष्टि हो रही है। दाड़ी के एक घर में दिल्ली की इनकम टैक्स विभाग की स्पेशल टीम की छापेमारी को लेकर कई बड़े मामलों के खुलासे अब धीरे-धीरे होने लगे हैं। 

जानकारी के अनुसार जिस आरोपी परिवार के घर में इनकम टैक्स की रेड पड़ी है, उसकी कई दिनों से जांच चल रही थी। इसके बाद से ही इस मामले से जुड़े हुए कई तथ्य निकल रहे हैं, जिसमें करोड़ों रुपए की संपत्ति होने के साथ-साथ महंगी गाडि़यां व गाडि़यों में भी कैश पाए जाने की बात सामने आ रही है। वहीं सरकारी कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारी फिलहाल कार्यालय से पंचायत चुनावों को लेकर बाहर चल रहे हैं। उधर, रेड से जुड़ी हुई चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी को सस्पेंड किए जाने की जिला एवं सत्र न्यायाधीश जेके शर्मा की ओर से भी आधिकारिक आर्डर जारी कर पुष्टि की गई है।