हिमाचल का रिकवरी रेट 97 फीसदी; प्रदेश में 554 ही रह गए एक्टिव मरीज, 955 ने तोड़ा दम

किन्नौर, लाहुल-स्पीति में अब चार-चार ही संक्रमित

 मंगलवार को दस नए केस आए सामने  अब तक 955 संक्रमितों ने तोड़ा दम

राज्य में कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की रफ्तार बढ़ती जा रही है। वर्तमान में रिकवरी रेट 97 फीसदी से ज्यादा हो गया है। हिमाचल में केवल 554 ही एक्टिव मरीज रह गए हैं। किन्नौर-लाहुल-स्पीति में केवल चार-चार ही एक्टिव मरीज रह गए हैं। मंडी जिला में एक की मौत हुई है, जिससे राज्य में संक्रमण से होने वाली मौतों का आंकड़ा भी 955 पहुंच गया है। डेथ रेट अभी भी एक प्रतिशत से ऊपर है।

मंगलवार को हिमाचल में दस नए संक्रमित मिले हैं। शिमला में छह और कुल्लू, कांगड़ा में दो-दो नए संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा 80 लोग इससे ठीक होकर घर भी गए हैं। शिमला में सबसे ज्यादा 22, कांगड़ा 19, हमीरपुर 13, सोलन में दस ठीक हुए हैं। राज्य में अभी तक 56 हजार 988 लोग कोविड से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 55 हजार 463 ठीक होकर घर जा चुके हैं। ज्यादातर अस्पतालों में अब कोविड मरीज नाममात्र ही हैं। शिमला का डीडीयू अस्पताल कोविड फ्री हो चुका है। यहां अब कोविड का कोई भी मरीज एडमिट नहीं है। अस्पताल सेनेटाइज किया जा रहा है, इसी सप्ताह यहां सामान्य ओपीडी भी शुरू हो जाएगी। जो 554 एक्टिव मरीज रह गए हैं, उनमें से ज्यादातर लोग घर पर ही आइसोलेट हैं, जबकि 75 के करीब कोविड मरीजों ने पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में वोट भी डाले हैं।

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box