नौहराधार में खाई में गिरी गाड़ी, डोगरा रेजिमेंट में तैनात थे भट्यूड़ी के दिनेश
जिला सिरमौर के तहत नौहराधार में सड़क हादसे में एक सैनिक की मौत हो गई। सोमवार देर शाम एक कार खाई में जा गिरी, जिसमें डोगरा रेजिमेंट में तैनात जवान की मौत हो गई। कार दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत व एक व्यक्ति घायल हुआ है। जानकारी के अनुसार नौहराधार से राजगढ़ जा रही एक गाड़ी (एचपी-79-1943) छनाड़ी के पास 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार दिनेश (27) पुत्र सोहन लाल गांव भटयूड़ी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक मान सिंह गांव भटयुड़ी को मामूली चोटें आई हैं।
मृतक दिनेश व मान सिंह को तुरंत सीएचसी नौहराधार लाया गया, जहां चिकित्सकों ने दिनेश कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल व्यक्ति को एक्स-रे हेतु सलाह दी गई। दिनेश 2013 में सेना में भर्ती हुए थे। दिनेश वर्तमान में श्रीनगर में डोगरा रेजिमेंट में कार्यरत थे, जो कि एक माह की छुट्टी पर घर आए थे। पुलिस नौहराधार तफ्तीश में जुट गई है। एएसआई चेतन चौहान ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए रात को ही राजगढ़ ले जाया गया है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। दुर्घटना की जानकारी श्रीनगर व कसौली स्थित डोगरा रेजिमेंट बटालियन को भेज दी गई है। आगामी कार्रवाई हेतु आर्मी के जवान मृतक दिनेश कुमार के घर पहुंचकर पार्थिव शरीर को सलामी देकर श्रद्धांजलि दी।

No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box