पहले चरण में 1.35 लाख वॉरियर्स को वैक्सीन, 11 जनवरी को राज्य में ड्राई रन

प्रदेश मे काेराेना संक्रमण के मामलाें में आ रही कमी के चलते सरकार ने चार जिलाें शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा में लगा नाइट कर्फ्यू हटा दिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। कोविड वेक्सीनेशन को लेकर भी कैबिनेट में प्रेजेंटेशन दी गई।

उम्मीद है कि 8-10 दिन में यह वैक्सीन आ जाएगी। पहले चरण में 1.35 लाख कोविड वॉरियर्स को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए 300 सेंटर बनाए गए हैं। एक सेंटर में एक समय में 100 लोगों को वैक्सीन लगेगी। इसके लिए 11 जनवरी को राज्यभर में ड्राई रन होगा।

राज्य में 50% क्षमता के साथ कोचिंग संस्थानों को चलाने को भी मंजूरी दे दी है। वहीं सार्वजनिक कार्यक्रमों में लोगों के भाग लेने की 50 लोगों की अधिकतम सीमा अभी बरकरार रखी है। बसों को भी 50% क्षमता पर चलाने का फैसला फिलहाल जारी रहेगा। प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में पहले की तरह छह दिन के कार्य दिवस को बहाल करने का निर्णय लिया।

कोचिंग संस्थानों को 50% क्षमता के साथ चलाने का जो निर्णय लिया है, इसके लिए राज्य शिक्षा विभाग अलग से मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी करेगा। राज्य निर्वाचन आयोग के आग्रह पर मंत्रिमंडल ने आंतरिक बैठकों में 50 से अधिक लोगों को अनुमति देने की शर्त में छूट देने का निर्णय लिया है। इससे आयोग को चुनाव से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभावी तरीके से चलाने में मदद मिलेगी।

आईजीएमसी में शिफ्ट अस्पताल बुधवार से शुरू करेगा काम
राज्य में कोविड-19 की परिस्थिति के दृष्टिगत मंत्रिमंडल ने आईजीएमसी शिमला, सीएचसी नालागढ़ और डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में मेक शिफ्ट अस्पतालों को कार्यशील बनाने का निर्णय लिया।

इसके लिए वार्ड सिस्टर, स्टाफ नर्सों, डीईओज और चतुर्थ श्रेणी को कुछ समय के लिए आउट सोर्स आधार पर जबकि चिकित्सा अधिकारियों की व्यवस्था फ्रैश और सीधे वाॅक इन इंटरव्यू के माध्यम से की जाएगी। भविष्य में कोविड की परिस्थिति के दृष्टिगत एचएलएल के प्रस्ताव को अस्थगित रखने का निर्णय लिया गया है।

आईजीएमसी मेें मेक शिफ्ट अस्पताल कल से काम करना शुरू कर देगा। मंत्रिमंडल ने राज्य में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, हिम केयर योजना और राजकीय चिकित्सा प्रतिपूर्ति योजना के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए निजी अस्पतालों के पंजीकरण के लिए सिंगल विंडो एम्पेनलमेंट शुरू करने को भी स्वीकृति प्रदान की।

पूर्ण राज्यत्व दिवस की स्वर्ण जयंती पर होंगे कार्यक्रम...

हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस के 50 वर्ष पूरा होने के मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी प्रस्तुति दी गई। बैठक में निर्देश दिए गए कि इस कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न विभागों की विकासगाथा दिखाई जाएगी। इसकी शुरूआत शिमला से 25 जनवरी को होगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
फाइल फोटो


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3nhQYx1

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box