हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रविवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। जाखू समेत शिमला में बर्फ के फाहे गिरे। नव वर्ष मनाने पहुंचे सैलानियों ने बर्फबारी का लुत्फ उठाया। वहीं ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा और चंबा में बारिश का दौर जारी है। इससे पहले रविवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। लेकिन मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम खराब बने रहने की संभावना है।
29 दिसंबर से प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। 29 से 31 दिसंबर तक प्रदेश के मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। रविवार को राजधानी शिमला सहित पूरे प्रदेश में दिनभर मौसम साफ रहा। हालांकि, हवाएं चलने से धूप खिलने के बावजूद मौसम में ठंडक बनी रही।
रविवार को कांगड़ा में अधिकतम तापमान 19.4, सुंदरनगर में 19.2, सोलन-बिलासपुर में 19.0, हमीरपुर में 18.8, नाहन में 18.3, भुंतर में 16.2, चंबा में 15.5, शिमला में 14.5, धर्मशाला में 14.2, कल्पा में 10.3, केलांग में 5.8 और डलहौजी में 5.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। उधर, शनिवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 11.6, कल्पा में माइनस 3.4, मंडी में माइनस 2.0, भुंतर में माइनस 1.6, सुंदरनगर में माइनस 1.2, सोलन में मइनस 0.5, मनाली में माइनस 0.6, ऊना में 3.0, कांगड़ा में 2.2, बिलासपुर में 2.5, हमीरपुर में 2.7, शिमला में 4.7 और धर्मशाला में 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।



No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box