सोलन जिले में कंट्रोल में आ रहा कोरोना, पिछले 7 दिन में 50 से नीचे रहा आंकड़ा

सोलन शहर के साथ जिला को भी कोरोना वायरस को लेकर राहत मिली है। खासकर सोलन शहर जिला में कोरोना का हॉट स्पॉट बना हुआ था, लेकिन पिछले एक हफ्ते में कोरोना के पॉजिटिव केसेस में कमी आई है। इस दौरान सैंपलिंग 300 से 700 तक हुई है और इसमें से पॉजिटिव की संख्या 50 से कम ही रही है।

इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने शहर में सैंपलिंग बढ़ाने के लिए ठोडो ग्राउंड में कोरोना टेस्ट सेंटर खोल दिया है। अब लोगों को टेस्ट के लिए अस्पताल जाने की जरूरत नहीं है।

नवंबर में सोलन शहर में कोरोना का कहर बरपा था तब लगातार 50 से ज्यादा केसिस रोजाना शहर से आ रहे थे। इस माह भी कई दिन 70 से 80 फीसदी से ज्यादा मामले शहर से ही आ रहे थे जबकि दूसरे क्षेत्रों से इक्का-दुक्का मामले ही सामने आए थे। लोगों में कोरोना का खौफ बन गया था और इससे बचाव के लिए प्रशासन को भी कई कदम उठाने पड़े थे।

बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क न पहनने वालों पर सख्ती बरती। इसके साथ ही भीड़ को कम करने के लिए शाम के समय मालरोड पर ट्रैफिक चलने की पाबंदी को भी हटा दिया ताकि उस समय सिर्फ घूमने के लिए ही लोग न आएं। पिछले एक हफ्ते में सोलन जिला में कोरोना से लोगों को काफी राहत मिली है।

इतने ज्यादा टेस्ट होने के बावजूद पॉजिटिव का आंकड़ा 50 से उपर नहीं गया है। 22 दिसंबर को जिला में कुल 672 सैंपल लिए गए इनमें से 35 ही पॉजिटिव पाए गए। हालांकि इसमें से 28 सोलन शहर के ही थे। 21 दिसंबर को 347 सैंपल हुए इसमें 32 पॉजिटिव आए। शहर का आंकड़ा सिर्फ पांच का रहा।

20 दिसंबर को 275 सैंपल में से 31 पॉजिटिव आए और सोलन शहर से इनमें 9 रहे। 19 दिसंबर को 567 सैंपल हुए, इनमें 26 पॉजिटिव आए और शहर के 10 इसमें शामिल थे। 18 दिसंबर को 561 टेस्ट हुए, 42 पॉजिटिव आए तो साेलन का आंकड़ा 14 का रहा। इसी तरह 17 दिसंबर को 597 कुल सैंपलिंग में से 49 पॉजिटिव पाए गए। इसमें सोलन के 20 संक्रमित शामिल रहे। 16 दिसंबर को 771 सैंपल लिए इनमें से 36 पॉजिटिव आए और सोलन शहर का आंकड़ा 15 का रहा। डॉक्टरों का मानना है कि धीरे-धीरे जिला में कोरोना कंट्रोल में आ रहा है।

शुरुआत में बीबीएन था हॉटस्पॉट
कोरोना संकट के शुरुआत में औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) प्रदेश में कोरोना का हॉट स्पॉट बना था, लेकिन अक्टूबर-नवंबर और दिसंबर माह में यहां से यहां से इक्का-दुक्का ही पॉजिटिव केसिस सामने आए। जबकि इसके स्थान पर सोलन शहर में लगातार जिला में आने वाले आधे से ज्यादा कोरोना मरीज निकले।

शहर में कम्युनिटी स्प्रेड होने की बात स्वास्थ्य विभाग ने भी कबूल की थी और किसी को यह पता नहीं चल रहा कि उसे किसके कारण कोरोना का संक्रमण हुआ है। डॉक्टरों का मानना है कि पिछले माह फेस्टिवल और शादियों में उमड़ी लोगों की भीड़ और कोरोना की गाइडलाइन को नजर अंदाज करने का यह परिणाम सामने आ रहे है।

गाइड लाइन पालन करेंगे तो कंट्रोल होगा कोरोना
सीएमओ डॉ. राजन उप्पल ने कहा कि अब कोरोना के सैंपल लेने के लिए ठोडो ग्राउंड में सेंटर खोला है। सभी लोग गाइडलाइंस का पालन करेंगे तो कोरोना को कंट्रोल करने में मदद मिलेगी। गौरतलब है कि दिवाली के बाद प्रशासन के कान तब खड़े हुए जब जिले में कोरोना से मौतों की संख्या बढ़ने लगी, लेकिन तब तक संक्रमण सामुदायिक तौर पर फैल गया। इसके बावजूद अब धीरे-धीरे पॉजिटिव केसिस में कमी राहत देने वाली है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सोलन के ठोडो ग्राउंड में शुरू हुआ सैंपलिंग सेंटर।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3nNvRDI

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box