सीआरआई कसौली में नौकरी के नाम पर कंपनी ने युवाओं से लिए पैसे, हंगामे के बाद वापस किए

कसौली विधानसभा क्षेत्र के तहत केंद्रीय अनुसंधान संस्थान (सीआरआई) कसौली में नौकरी के नाम पर पैसे लेने पर इंटरव्यू के दौरान एक निजी होटल में हंगामा हुआ। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवाओं के पैसे वापस दिलाकर मामले को शांत करवाया।

जानकारी के अनुसार संस्थान में मल्टी टास्क वर्कर के लिए केन्द्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने लखनऊ की एक निजी कंपनी को सीआरआई कसौली में कार्य करने के लिए ठेका दिया है। जिसमें कंपनी युवाओं को नौकरी पर रखती है। जानकारी के अनुसार कंपनी द्वारा लगभग 156 पद भरे जाने थे। लखनऊ की कंपनी ने सीआरआई में इच्छुक उम्मीदवार को धर्मपुर व कसौली के निजी होटलों में साक्षात्कार के लिए बुलाया। साक्षात्कार देने आए तानिया, संगीता, सुमन, ममता, संजीव, अजीत, रवि वर्मा, धीरज, कैलाश, निखिल, सुशील, प्रवीन, लवीश, लेकिता, रोमांच ने बताया की हमसे नौकरी देने के लिए 15-30 हजार की मांग की गई। यह सिलसिला लगभग तीन दिन तक चलता रहा, लेकिन शनिवार को साक्षात्कार देने आए उम्मीदवारों ने हंगामा कर दिया। लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। स्थानीय पंचायत के प्रधान राजेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस अधिकारी नारायण सिंह, जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सदस्य राज कुमार सिंगला ने कड़ा संज्ञान लेते हुए उम्मीदवारों की राशि को वापस दिलवाई।

सिक्योरिटी राशि ली थी, जिसे वापस कर दिया
कंपनी के कर्मचारी शिव कुमार मे बताया की नौकरी के लिए कोई रिश्वत नहीं ली जा रही थी। उम्मीदवारों से सिक्योरिटी राशि ली जा रही थी जिसको हमने वापस कर दिया है। सीआरआई कर्मचारी यूनियन के प्रधान विजय कुमार ने बताया की इसकी शिकायत निदेशक से कर दी है। डीएसपी परवाणू योगेश रोल्टा ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सीआरआई कसौली में निजी कंपनी के पदाधिकारी द्वारा नौकरी के नाम पर पैसे लेने का विरोध करते बेरोजगार युवा।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3qcSH9k

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box