फूलगोभी की बिजाई की थी, खेतों में उग गई सरसों, खुद को ठगा महसूस कर रहे किसान

(संजय शर्मा) कृषि विभाग ने किसानों को जो बीज फूलगोभी के बताकर दिए थे, वे सरसों के निकले। इसका खुलासा तब हुआ जब बिजाई के बाद पनीरी उगने लगी। किसानों ने महकमे से संपर्क किया, लेकिन उन्हें यह कहते हुए तसल्ली दे दी गई कि यह फूलगोभी की विशेष किस्म है। उन्हें चिंतित होने की जरूरत नहीं है, लेकिन विभाग के तमाम दावे और तसल्ली झूठे साबित हुए। अब कृषि विभाग किसानों को उचित सहायता देने की बात कर रहा है, लेकिन किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार कृषि विभाग की ओर से करीब 2 माह पूर्व घंडीर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया था। इसमें खेतीबाड़ी की नई तकनीकों की जानकारी देने के साथ ही लगभग 40 किसानों को फूलगोभी के बीज निशुल्क वितरित किए गए थे। इतना ही नहीं, फूलगोभी की बिजाई तथा फसल को संभावित बीमारी से बचाने के तरीके भी बताए गए। किसानों ने फूलगोभी की बिजाई कर दी, लेकिन कुछ दिन बाद जब पनीरी उगने लगी तो वह सरसों की निकली।

किसानों ने कृषि विभाग को इससे अवगत करवाया, लेकिन उस ओर से उन्हें यह कहकर संतुष्ट कर दिया गया कि फूलगोभी की यह विशेष किस्म है, लिहाजा किसान चिंता छोड़कर पनीरी खेतों में लगा लें।
देवीदत्त शर्मा, केहर सिंह व कुलदीप सिंह आदि ने बताया कि किसानों ने विभाग के दावे पर विश्वास करते हुए पनीरी खेतों में लगा दी, लेकिन अब वही हुआ, जिसका उन्हें डर था।

फूलगोभी की जगह खेतों में सरसों उगी है। किसानों की शिकायत पर कृषि विकास व कृषि प्रसार अधिकारी ने मौके पर आकर फसल का मुआयना किया। उन्होंने किसानों को गलती से फूलगोभी के बजाए शलजम का बीज दे दिए जाने की बात कही। किसानों का दावा है कि विभाग अभी भी उन्हें गुमराह कर रहा है।

खेतों में बोई गई पनीरी से जो फसल उग रही है, वह शलजम नहीं, बल्कि सरसों ही है। इससे तो बेहतर था कि वे बाजार से ही फुलगोभी की बीज लेकर उसकी बिजाई कर देते। उन्हांेने इसकी उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग की है।

किसानों को राहत दी जाएगी
इस बारे बरठीं में तैनात कृषि विकास अधिकारी डाॅ. बृजेश ने कहा कि शिविरों में किसानों को वितरित करने के लिए बीज किटों की सप्लाई पीछे से ही आई थी। किसानों को वितरित किए गए बीज गलत निकलने की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही किसानों को राहत दी जाएगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Cauliflower was sown, mustard grew in the fields, farmers feeling cheated themselves


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35vSRk3

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box