नवंबर बीत गया है, ऐसे में पूरे उत्तर भारत में ठंड ने लोगों को कंपाना शुरू कर दिया है। इसी बीच हमें और सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि आने वाले दिनों में ठंड और कड़क होने वाली है। दरअसल, मौसम विभाग ने अगले तीन महीने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके हिसाब उत्तर भारत में इन 3 महीनों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। हालांकि माना जा रहा है कि अधिकतम तापमान सामान्य से बढ़ा ही रहेगा। हालांकि अभी तक हरियाणा का नारनौल सबसे ठंडा रहा है, जिसका सोमवार को पिछले साल के नवंबर से भी कम दर्ज किया गया।
बर्फबारी का मैदानी भागों में दिखेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर से फरवरी 2021 तक अगले तीन महीने में कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड में अगले 3 माह में 11 से 15 बार पश्चिमी विक्षोभ आएगा। पश्चिमी विक्षोभ के समय बर्फबारी का दौर देखने को मिलेगा। इसका असर मैदानी भाग पर भी पड़ेगा। हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। हालांकि दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से डेढ़ डिग्री तक अधिक रहने की संभावना है। मैदानी इलाकों में राजस्थान में सबसे ज्यादा कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।
रोहतक में सबसे कम 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज
अगर मौजूदा हालात की बात करें तो रविवार को हरियाणा के सबसे ठंडे इलाके नारनौल में सर्वाधिक तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रोहतक में प्रदेश का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। यहां 6.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। सोमवार को हरियाणा के नारनौल में रात का पारा 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 4 डिग्री कम है। हिसार जिले में पारा 5.8 रहा, जो नवंबर का सबसे कम तापमान है। पिछले साल नवंबर में इन शहरों में 7 डिग्री सेल्सियस तक रहा, वहीं आधे दिसंबर में न्यूनतम पारा 2.5 डिग्री दर्ज किया गया था।
डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक साल 2019 के नवंबर में हरियाणा का नारनौल इलाका सबसे ठंडा रहा था। वहीं इस बार फिर से इसके दोहराए जाने की पूरी संभावना है। उधर हिमाचल के शिमला में रात का पारा 10.8 डिग्री दर्ज किया गया। ऐसे में हरियाणा के नारनौल व हिसार शहर शिमला से करीब दोगुने ठंडे हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी ठंड और बढ़ सकती है क्योंकि हवा पहाड़ों से मैदानों की ओर चल रही है। अगले तीन दिन तक इस दौरान बीच-बीच में आंशिक बादल और उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से रात्रि तापमान में गिरावट और सुबह के समय कहीं कहीं हल्की धुंध भी संभावित है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Vi5v08
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box