रोहतांग टनल से कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की शिलान्यास पट्टिका को पुन: स्थापित करने के लिए कांग्रेस ने 15 दिन का अल्टीमेटम दिया है। कांग्रेस ने चेताया है कि अगर निर्धारित समय तक पट्टिका को दोबारा से स्थापित नहीं किया जाता है तो पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन छेड़ेगी, जिसकी सारी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
शिमला में कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि बीआरओ ने शिलान्यास पट्टिका के सुरक्षित रखने की बात कबूली है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस इसे कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहती, लेकिन अगर इसे निश्चित समय पर पुनर्स्थापित नहीं किया जाता है तो सरकार उनकी पार्टी के आंदोलन से निपटने को तैयार रहे।
इतिहास से छेड़छाड़ कर रही है सरकार
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार इतिहास से छेड़छाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि रोहतांग टनल का शिलान्यास सोनिया गांधी ने 28 जून, 2010 को किया था। इस शिलान्यास की पट्टिका को वहां से हटाना लोकतंत्र की मर्यादा का हनन और अनैतिक है। उन्होंने कहा कि उनकी शिकायत के बाद कम से कम बीआरओ ने माना तो सही की शिलान्यास पट्टिका उनके पास है। ऐसे में उन्होंने बीआरओ से भी पूछा है कि वह बताए कि उन्होंने यह पट्टिका किसी के आदेश से निकाली थी और अब वह इसे कब पुन: स्थापित करने के लिए किस का आदेश चाहती है।
प्रदेश में सीमेंट कंपनियों के आगे घुटने टेके सरकार ने
राठौर ने प्रदेश में सीमेंट कंपनियों की मनमानी पर भी हैरानी जताते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि सरकार ने इनके आगे अपने गुटने टेक दिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के इस तीन साल के कार्यकाल में सीमेंट के 52 रुपये बढ़े हैं। प्रदेश की आवोहवा पर बनने वाला सीमेंट प्रदेश में महंगा और अन्य राज्यों में सस्ता, यह प्रदेश के साथ एक बड़ा अन्याय है जो सहन नहीं किया जा सकता। राठौर ने प्रदेश में बढ़ते कोरोना के मामलों पर चिंता जताते हुए कहा है कि सरकार इसके प्रोटोकॉल का सही ढंग से अनुपालन नहीं कर रही है। उन्होंने कहा है कि सरकार ने लोगों को रामभरोसे छोड़ दिया है।
टनल के निर्माण को लेकर भाजपा कर रही है घटिया राजनीति: कुलदीप सिंह राठौर
राठौर ने कहा कि रोहतांग टनल के निर्माण को लेकर जिस प्रकार की राजनीति भाजपा कर रही है, वह बहुत ही निंदनीय है। शिलान्यास पाटि्टकाओं से इस प्रकार की राजनीति इनके चरित्र और घटिया मानसिकता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने भी पट्टिका हटाने को गलत ठहराया है। राठौर ने प्रदेश के अस्पतालों में टेस्टों की दरें बढ़ाने की आलोचना करते हुए इसे रद्द करने की मांग भी की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सरकार से कोविड 19 के चलते लोगों को टैक्स रियायतों की मांग की थी, मगर सरकार इसकी बसूली के लिए लोगों को नोटिस पर नोटिस जारी कर रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/33ZMnsY
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box