ट्रक यूनियन ने इस्पात उद्योग का माल लेकर दिल्ली जा रहा ट्रक जबरन रोका, मामला दर्ज

जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ इंडस्ट्री व ट्रक यूनियन नालागढ़ के बीच विवाद थमने का नाम नही ले रहा है। ट्रक यूनियन द्वारा भाड़े पर दी छूट के फैसले को वापस लेने के बाद इंडस्ट्री व यूनियन के बीच विवाद पैदा हुआ था। इसके बाद इंडस्ट्री ने प्रदेश सरकार से मांग उठाते हुए ट्रक यूनियन की मनमानी पर रोक लगाने की मांग उठाई थी। अब एक नया मामला सामने आया है।

जिसमें दिल्ली माल लेकर रवाना हुए ट्रक को यूनियन के लोगों द्वारा जबरन रोका गया। जिस पर उद्योग के मालिक की शिकायत पर पिंजौर थाना में मामला दर्ज कर लिया है। सागर इस्पात इंडिया प्राइवेट उद्योग के मालिक सुरेंद्र बाधवा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि ट्रक यूनियन की मनमानी लगातार बढ़ती जा रही है। बीते दिनों उद्योग का ट्रक डेढ़ से दो लाख का माल लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ था।

जब ट्रक बद्दी से मढ़ावाला मार्ग पर था तो पीछे से ट्रक यूनियन के कुछ लोगों ने आकर ट्रक को जबरन रोकते हुए वापस नालागढ़ ट्रक यूनियन की पार्किंग में खड़ा कर दिया। शिकायत में लिखा कि जब ट्रक के चालक को फोन किया तो बताया कि ट्रक नालागढ़ ट्रक यूनियन की पार्किंग में खड़ा है, कल रात यूनियन के लोग ट्रक लेकर नालागढ़ ले गए थे।

सुरेंद्र ने कहा कि जब ट्रक यूनियन के प्रधान से बातचीत की गई तो बताया कि हमारे यूनियन वाले ट्रक बद्दी फैक्टरी के सामने से लेकर आए है। जिसके आधार पर थाना पिंजौर के तहत 341 व 379ए आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। ट्रक यूनियन के प्रधान विद्या रत्न का कहना है कि झूठे आरोप लगाए जा रहे है। कंपनी की अपनी गाड़ियों को नहीं रोका जाता है, लेकिन कंपनी द्वारा बाहरी राज्यों की गाड़ियों को इस्तेमाल किया जा रहा है। बीबीएन के लोगों ने जमीनें बेचकर गाड़ियां डाली है। अगर उन्हें काम नहीं मिलेगा तो वह लोग सड़कों पर आ जाएंगे।

ट्रक यूनियन की मनमानी को रोके सरकार

इस्पात उद्योग के मालिक सुरेंद्र बाधवा का कहना है कि ट्रक यूनियन को कोई अधिकार नहीं है कि किसी भी कंपनी का ट्रक बीच रास्ते में रोक लें। सिर्फ संबंधित विभाग के अधिकारी ट्रक को दस्तावेजों से संबंधित जांच के लिए रोक सकते है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को ट्रक यूनियन की मनमानी पर रोक लगानी चाहिए।

अगर ऐसा ही चलता रहा तो इंडस्ट्री लगातार प्रभावित होकर बंद हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में कोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा। पिजौंर थाना प्रभारी नवीन शर्मा का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि माल लेकर जा रहे ट्रक को यूनियन के लोगों द्वारा कब्जे में लेकर फरार हो गए थे। इसके बाद ट्रक नालागढ़ ट्रक पार्किंग से रिकवर किया गया था। अभी मामले की तफ्तीश जारी है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2HrDMGx

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box