
मंडी. हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले (Mandi District) के पुलिस थाना औट के तहत बसाण के समीप थलौट-पंजाई सड़क मार्ग पर टाटा सूमो गाड़ी खाई में गिर गई है. सूमो लुढ़क कर करीब 250 फुट नीचे ब्यास (Beas River) किनारे पहुंच गई. सूमो में सवार चालक की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और जांच पड़ताल शुरू कर दी है.
मृतक की शिनाख्त हुई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थलौट-पंजाई सड़क मार्ग पर बसाण के समीप शनिवार रात्रि एक सूमो अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी. गाड़ी के खाई में गिरने की आवाज सुनाई देने पर औट पुलिस थाना से दल मौके पर पहुंचा तो मौके पर चालक को मृत पाया गया. पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. मृतक का शव 10 मई यानि आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.
ड्राइवर वापस अपने घर जा रहा था
यह बताया जा रहा है कि चालक सूमो में अपने की घर की ओर जा रहा था. मृतक की पहचान रेवती राम निवासी गांव तुणीपीपल डाकघर थलौट तहसील बालीचौकी जिला मंडी के रूप में हुई है. हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि रेवती राम कहां से आ रहा था.
छानबीन में जुटी औट पुलिस
इस संबंध में औट के एसएचओ ललित महंत ने बताया कि सूमो लुढ़कने से चालक की मौत हुई है. इस मामले में आईपीसी की धारा 279, 304ए के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. छानबीन जारी है.
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box