मुंबई एयरपोर्ट भी आया अडानी के हाथ, इसी साल लेंगे तीन और हवाई अड्डे

 


अब चार बडे़ एयरपोर्ट हो गए हैं कंपनी के पास, तीन और बड़े हवाई अड्डे इसी साल लेंगे

मंगलूर, लखनऊ और अहमदाबाद के बाद अब मुंबई एयरपोर्ट की कमान भी उद्योगपति गौतम अडानी की कंपनी अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के हाथों में आ गई है। कंपनी ने मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड में 23.5 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली है। अडानी ने 168525 करोड़ रुपए में यह हिस्सेदारी दो विदेशी कंपनियों एसीएसए ग्लोबल लिमिटेड और बिड सर्विसेज डिवीजन (मॉरीशस) लिमिटेड से खरीदी। साथ ही कंपनी इस प्रोजेक्ट से बाहर निकल रहे प्रोमोटर कंपनी जीवीके ग्रुप की 50.5 फीसदी हिस्सेदारी भी खरीद रही है। इस तरह अडानी की मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड में हिस्सेदारी 74 फीसदी हो जाएगी। इसके साथ ही उसे नवी मुंबई में एयरपोर्ट विकसित करने का अधिकार मिल जाएगा।

 पिछले साल अगस्त में अडानी की कंपनी ने जीवीके एयरपोर्ट डिवेलपर्स लिमिटेड के कर्ज को खरीदने का एक समझौता किया था। यह एक होल्डिंग कंपनी है। इसके जरिए जीवीके ग्रुप की मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड में 50.5 फीसदी हिस्सेदारी है। अडानी एंटरप्राइजेज ने शेयर बाजारों को दी गई सूचना में कहा कि उसने  मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के 10 रुपए वैल्यू वाले 28.20 करोड़ शेयर खरीदे हैं। जीवीके एयरपोर्ट डिवेलपर्स लिमिटेड के साथ सौदा पूरा होने के बाद मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड में अडानी ग्रुप की हिस्सेदारी 74 फीसदी हो जाएगी। मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड की बाकी 26 फीसदी हिस्सेदारी एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के पास है।

सबसे बड़ा आपरेटर बनने की ओर

अडानी ग्रुप ने पिछले साल के आखिर में मंगलूर लखनऊ और अहमदाबाद एयरपोर्ट्स का अधिग्रहण किया था। इस साल जुलाई तक वह जयपुर, गुवाहाटी और तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट का भी अधिग्रहण कर लेगी। अडानी ग्रुप इन छह एयरपोर्ट्स का विकास, प्रबंधन और परिचालन अगले 50 साल तक करेगा। इस तरह से अडानी ग्रुप एयरपोर्ट्स की संख्या के लिहाज से देश में सबसे बड़ा एयरपोर्ट ऑपरेटर बनने जा रहा है। हालांकि यात्री संख्या के लिहाज से जीएमआर देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट ऑपरेटर है। उसके पास दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, हैदराबाद और गोवा का मोपा एयरपोर्ट है।

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box