चंबा पुलिस ने मारंडा से धरा ठग, नौकरी का झांसा देकर लोगों से लाखों लूटने वाला गिरफ्तार

 

सदर पुलिस थाना की टीम ने नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपए ऐंठने के आरोपी को दो वर्ष के बाद सुनियोजित तरीके से जाल बिछाकर पालमपुर के मारंडा से दबोचने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम आरोपी को लेकर चंबा लौट आई है। आरोपी को पुलिस रिमांड हेतु अदालत में पेश किया जा रहा है। बिलासपुर जिला के यशपाल के खिलाफ अप्रैल, 2019 में शिकायत दर्ज हुई थी कि वह सरोल गांव में आधार कार्ड केंद्र की आड़ में नौकरी देने को लेकर अपने झूठे पते का शपथपत्र देकर तीस हजार रुपए मौके पर वसूलता था। आरोपी ने चंबा के अलावा हिमाचल के करीब सौ लोगों के साथ ठगी की है। इस पर आरोपी यशपाल के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज हुआ था, मगर आरोपी को इसकी भनक लगते ही गिरफ्तारी से बचने के लिए हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत की अर्जी लगा दी।

हाई कोर्ट में जमानत याचिका रद्द होने के बाद सुप्रीम कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए प्रार्थना पत्र दे दिया, मगर सुप्रीम कोर्ट से भी आरोपी की जमानत याचिका रद्द हो गई। इसके बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को गच्चा दे रहा था। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सुनियोजित तरीके से जाल बिछाते हुए सब इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार की अगवाई में मुख्य आरक्षी बलविंद्र व आरक्षी अभिषेक की एक टीम गठित की। इस टीम ने आरोपी का पीछा करते हुए पालमपुर के मारंडा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम आरोपी से ठगी के मामले के अनसुलझे पहलूओं से पर्दा हटाने को लेकर पूछताछ कर रही है। एसपी चंबा अरुल कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box