प्रदेश भर के 3840 सरकारी स्कूलों में आना चाहते हैं छात्र, समग्र शिक्षा विभाग के दो महीने के सर्वे में खुलासा
हिमाचल प्रदेश के 3840 सरकारी स्कूलों में 32 हजार 200 छात्रों ने एडवांस बुकिंग कर दी है। जी हां यह जरूर हैरतअंगेज होगी, लेकिन ऐसा कमाल प्री-नर्सरी शुरू करने के बाद हुआ है। दरअसल समग्र शिक्षा विभाग के निर्देशों के बाद प्री-नर्सरी वाले 3840 स्कूलों के शिक्षकों ने घर-घर जाकर एक सर्वे करवाया। उस सर्वे में खुलासा हुआ कि अभी भी स्कूल के नजदीकी क्षेत्रों के अभिभावक अपने बच्चों को उन्हीं स्कूलों में प्री-नर्सरी में भेजना चाहते हैं। करीब 32 हजार 200 बच्चों के अभिभावकों ने कहा कि वे स्कूल खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
जब स्कूल खुलेंगे, तो वे प्री-नर्सरी में अपने छात्रों को दाखिला करवाएंगे। समग्र शिक्षा विभाग का यह सर्वे करवाने का मकसद यह था कि सरकारी स्कूलों में प्री-नर्सरी में छात्रों को भेजने में कितनी रुचि अभिभावक दिखा रहे हैं। वहीं इस दौरान यह भी चैक किया जाना था कि प्राइवेट स्कूलों में कितने अभिभावक अपने बच्चों को भेजने में इच्छुक हैं, लेकिन शिक्षकों के दो माह तक चले इस सर्वे से यह खुलासा हुआ है कि जिन क्षेत्रों के नजदीक में प्री-नर्सरी सरकारी स्कूल में शुरू हुई है, वहां पर अभिभावक अपने बच्चों को सरकारी स्कूल में ही भेजना चाहते हैं।
इसके अलावा 20 प्रतिशत ऐसे अभिभावक हैं, जो कि अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूल में भेजना चाहते हैं। फिलहाल लंबे समय के अंतराल पर सरकारी स्कूलों के लिए आया यह सर्वे बड़ा राहत भरा है। सरकारी स्कूलों में दो साल पहले शुरू की गई प्री-नर्सरी एनरोलमेंट बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रही है। अब अप्रैल से शुरू होने वाले नए सत्र के दाखिले में अभिभावकों ने पहले ही अपने नौनिहालों का दाखिला प्री-नर्सरी स्कूलों में करवाने का फैसला लिया है।
ऐसे में यह तो साफ है कि अब प्री-नर्सरी में जब दाखिले होंगे, तो 32 हजार से ज्यादा छात्रों के दाखिले पहले से ही रिजर्व हो गए हैं। बता दें कि कोविड काल में सरकारी स्कूलों में 28 हजार छात्रों के प्री-नर्सरी में दाखिले हुए हैं। इसके अलावा 2021-2022 में प्री-नर्सरी दाखिले में इजाफा होने की आस है। बताया जा रहा है कि नई शिक्षा नीति के तहत राज्य के सभी स्कूलों में प्री-नर्सरी की कक्षाएं शुरू करने का टारगेट है। न्यू एजुकेशन पॉलिसी में प्री-नर्सरी पर सबसे पहले फोकस किया जाएगा। बताया जा रहा है कि प्री-नर्सरी छात्रों को स्कूलों में क्या सुविधाएं देनी हैं, इस पर भी पूरी प्लानिंग बन गई है।
अलग से होगी शिक्षकों की भर्ती
अहम यह है कि प्री-प्राइमरी स्कूलों में अब अलग से शिक्षकों की भर्ती भी की जाएगी। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय ने हिमाचल के लिए यह बड़ी राहत दी है। वहीं इन शिक्षकों को हर माह मानदेय भी दिया जाएगा। साथ ही केंद्र सरकार ने नए स्कूलों में प्री-नर्सरी शुरू करने का फैसला भी लिया है। इस तरह जहां पहले हिमाचल के 3840 स्कूलों में प्री-नर्सरी को शुरू किया गया था, उसकी संख्या अब बढ़ जाएगी।

No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box