कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी ने आम लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। दोनों राज्यों के कई जिलों में तेज हवा चलने और बर्फ गिरने से बिजली व्यवस्था तक ठप हो गई है। इसके उलट मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अब ठंड का असर कम होने लगा है। एमपी में 5 डिग्री बढ़कर अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं छत्तीसगढ़ में दिसंबर बीत जाने के बाद भी ठंड नहीं पड़ रही।
कश्मीर: बर्फबारी से जिंदगी थमी, सैकड़ों पर्यटक फंसे
दस इंच बर्फबारी के बाद कश्मीर घाटी में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। 3 जनवरी से श्रीनगर से जाने वाली सभी फ्लाइट रद्द हैं। 300 किमी लंबे जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाइ-वे पर यातायात निलंबित है। जाम में 6000 लोड ट्रक और यात्री वाहन फंसे हुए हैं। हजारों पर्यटक पहलगाम, गुलमर्ग, श्रीनगर में फंसे हुए हैं। बर्फबारी के बाद उत्तरी-दक्षिणी जिलों में पावर लाइन के ब्रेकडाउन से बिजली संकट पैदा हो गया है।
MP में बदले मौसम के मिजाज, 5 डिग्री चढ़ा दिन का पारा
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मौसम के तेवर बदल गए हैं। दिन में ठंडक नहीं है। दिन में पारा सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा यानी अधिकतम 29.6 डिग्री पर पहुंच गया। 5 साल बाद जनवरी का यह सबसे गर्म दिन है। वैज्ञानिकों ने शुक्रवार और शनिवार को बादल छाने और मावठ गिरने के आसार हैं।
राजस्थान में चार दिन छाएगा कोहरा, माउंट आबू में पारा माइनस 3.4
प्रदेश के कई इलाकों में बुधवार को एक बार फिर पारा लुढ़क गया। रात में कहीं-कहीं बारिश भी हुई। इससे ठिठुरन बढ़ गई। आबू फिर माइनस 3.4 डिग्री दर्ज किया गया। जोधपुर, जैसलमेर, पाली व उदयपुर का पारा भी 10° से नीचे आ गया। विभाग ने 9 जनवरी तक भरतपुर, जयपुर व बीकानेर संभाग के कई जिलों में घने कोहरे की संभावना जताई है।
झारखंड में 10 जनवरी तक छाए रहेंगे बादल, बूंदाबांदी के आसार
रांची में बुधवार की सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 10 जनवरी तक रांची सहित आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। उत्तर भारत से आ रहे हैं पश्चिमी विक्षोभ के कारण ऐसी स्थिति बनी है। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री रिकॉर्ड दर्ज किया गया।
हरियाणा में आज से गहरा सकती है धुंध, 11 से 13 तक शीतलहर चलेगी
कई जिलों में लगातार चौथे दिन भी बारिश के साथ हरियाणा के गुड़गांव में ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार, 1 से 6 जनवरी तक राज्य में औसतन 20.6 मिमी. बारिश हुई है। जो सामान्य से 932% अधिक है। मौसम वैज्ञानिकों ने यहां 7 से 9 जनवरी तक गहरी धुंध छाने की आशंका जताई है। 8 जनवरी को बादल भी छा सकते हैं। 11 से 13 जनवरी तक काफी इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है।
हिमाचल में नेशनल हाईवे सहित 331 सड़कें बंद
हिमाचल में बुधवार को हुई बर्फबारी के बाद लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। प्रदेश में दो नेशनल हाईवे समेत 331 सड़कें और अटल टनल मार्ग बंद है। कई इलाकों में बिजली भी बंद रही। वहीं, मौसम विभाग ने कहा है कि 9 जनवरी तक मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में घना कोहरा छा सकता है।
ओले गिरने के साथ 60 मिमी रिकॉर्ड बारिश, कोहरे की चपेट में NCR
दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद कई इलाके में कोहरा छा गया। यहां ओले के साथ 60 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं मौसम विभाग की मानें तो 7 जनवरी से न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।
छत्तीसगढ़ में मौसम अब भी गर्म
उत्तर भारत में मौसम लगातार ठंडा होता जा रहा है, वहीं छत्तीसगढ़ में दिसंबर बीत जाने के बाद भी ठंड नहीं पड़ रही। जम्मू-कश्मीर में तो बर्फबारी चल ही रही है। जम्मू-कश्मीर में बर्फ पड़ने से बेहद खूबसूरत तस्वीरें आ रही हैं।
पंजाब में बारिश और ओले; आज से फिर गिरेगा पारा
पिछले कुछ दिनों से बारिश होने के कारण पंजाब में दिन और रात का पारा बढ़ रहा था, और दिन-रात में पारे का अंतर 5 डिग्री तक रह गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में ठंड फिर लौटने की आशंका जताई है। बुधवार को जालंधर, पटियाला, अमृतसर, कपूरथला समेत कई जिलों में दिन भर रुक-रुक कर बारिश होती रही और बादल छाए रहे। पटियाला में तो शाम को ओले भी गिरे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3bc9S65
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box