हिमाचल को पहले 93 हजार डोज़, आज पहुंच जाएगी कोविशील्ड वैक्सीन


कोरोना वायरस से बचाव को लेकर हिमाचल में सिरम इंस्टीच्यूट ऑफ इंडिया की वैक्सीन कोविशील्ड बुधवार को प्रदेश पहुंच जाएगी। पहली खेप में हिमाचल 93 हजार डोज़ पहुंचेंगी, जो कि 42 हजार स्वास्थ्य कर्मियों को लगाई जाएगी। दस दिन तक पहले चरण के टीकाकरण का अभियान चलेगा। इसके बाद अगले चरण की शुरुआत होगी। प्रदेश भर में 46 सेंटर्स पर यह वैक्सीन लगाई जाएगी।

 प्रदेश स्वास्थ्य विभाग की ओर से केंद्र को हिमाचल के लिए एक लाख 50 हजार कोविड वैक्सीन की डोज़ का प्रोपोजल भेजा गया था, लेकिन केंद्र की ओर से हिमाचल को पहले चरण के लिए 93 हजार इंजेक्शन मुहैया करवाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दस प्रतिशत वैक्सीन के खराब होने की भी आशंका रहती है। ऐसे में जो पहली खेप हिमाचल पहुंचेगी, उससे 41 से 42 हजार स्वास्थ्य कर्मियों को यह वैक्सीन दी जाएगी। राज्य में 16 जनवरी से 46 सेंटर्स में इस वैक्सीनेशन के लगने का कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। विभिन्न जगह विभिन्न स्वास्थ्य कर्मियों से इसकी शुरुआत की जाएगी।

आठ हजार इंजेक्शन तो खराब ही हो जाएंगे

पहले चरण में जो इंजेक्शन हिमाचल पहुंचेंगे, उसमें से कुछ खराब भी होंगे। स्वास्थ्य विभाग की मानें तो 93 हजार इंजेक्शन में से करीब आठ हजार इंजेक्शन भी खराब हो जाएंगे, जिससे 85 हजार के करीब इंजेक्शन ही लगने काबिल रहेंगे। ऐसे में अगर एक व्यक्ति को भी दो डोज दी जाती हैं, तो करीब 42 हजार को यह वैक्सीन पहले चरण में लगेगी।       (एचडीएम)

शिमला मेन सेंटर, धर्मशाला ज़ोनल

वैक्सीन के स्टोर को लेकर 386 कोल्डचेन सेंटर डिवलेप कर लिए गए हैं। सबसे पहले वैक्सीन की खेप शिमला पहुंचेगी। मुख्य स्टोर शिमला में ही बनाया गया है। इसके बाद यहां से ज़ोनल लेवल पर बनाए गए स्टोर्स को वैक्सीन पहुंचाई जाएगी। मंडी, धर्मशाला में यह वैक्सीन दूसरे चरण में पहुंचेगी, इसके बाद यहां से सेंटर्स तक वैक्सीन मुहैया करवाई जाएगी। ट्रांसपोर्ट से लेकर अन्य सभी तरह के प्रबंध तैयार कर लिए गए हैं। बताया जा रहा है कि कड़ी सिक्योरिटी में वैक्सीन पहुंचाई जाएगी।

तीन डिग्री सेल्सियस तापमान पर ही रखनी होगी कोरोना वैक्सीन

सिरम इंस्टीच्यूट ऑफ इंडिया की कोविशील्ड की वैक्सीन हिमाचल को मिलेगी। इस वैक्सीन को तीन डिग्री तामपान पर स्टोर करना होगा। पुणे से यह वैक्सीन मंगलवार सुबह करीब पांच बजे निकली, जिसके बाद देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाई गई। 16 जनवरी से हिमाचल में भी वैक्सीनेशन शुरू हो जाएगी। स्वास्थ्य कर्मियों को पहले लगेगी, इसके बाद वैक्सीनेशन का अगला चरण शुरू किया जाएगा।

सीधे केंद्र से जुड़े रहेंगे आईजीएमसी-टीएमसी

हिमाचल के दो वैक्सीन सेंटर सीधे तौर पर केंद्र से जुड़े रहेंगे। प्रदेश का सबसे बड़ा अस्पताल आईजीएमसी और टांडा मेडिकल कालेज वेब टेक्नीक के जरिए केंद्र से जुड़े रहेंगे। जब यहां पर वैक्सीन लगाने का काम शुरू होगा, तो यह लाइव दिल्ली से देखा जा सकेगा। इसके लिए यहां पर व्यवस्था कर दी गई है। इसकी मुख्य वजह यह है कि आला अधिकारी यह देख सकें कि किस तरह से टीकाकरण हो रहा है।

देवभूमि में मात खा रहा कोरोना वायरस

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

राज्य में कोरोना के एक्टिव मरीज 800 से कम हो गए हैं। अब मात्र 769 ही एक्टिव मरीज रह गए हैं। हमीरपुर, कांगड़ा में एक्टिव मरीज 100 से ज्यादा हैं। अन्य जिलों में एक्टिव मरीज 100 से कम रह गए हैं। कोविड से हालात धीरे-धीरे सामान्य होते जा रहे हैं, जिससे कि अब अस्पतालों पर भी कोविड का भार कम हो गया है। ऐसे में अब जल्द ही हिमाचल के अस्पतालों में सामान्य ओपीडी शुरू हो सकती है। मंगलवार को किसी भी शख्स की कोविड से मौत नहीं हुई। मंगलवार को राज्य में संक्रमण के 18 नए मामले सामने आए हैं। कांगड़ा में चार, हमीरपुर में एक, मंडी में तीन, शिमला में नौ, सिरमौर में एक नया मामला सामने आया है

। इसके अलावा 123 संक्रमित भी इससे ठीक हुए हैं। राज्य में लगातार कोविड से ठीक होने वाले मरीजों का सिलसिला जारी है। केवल 769 मरीज ही एक्टिव रह गए हैं। कोविड से हिमाचल में 969 की मौतें हुई हैं। किन्नौर, लाहुल-स्पीति में केवल सात-सात संक्रमित मरीज एक्टिव रह गए हैं। हिमाचल में 56 हजार 539 लोगों में वायरस की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 54 हजार 808 की ठीक होकर घर जा चुके हैं। राज्य में अभी तक आठ लाख 56 हजार 434 सैंपल जांच को लिए जा चुके हैं। इनमें से सात लाख 98 हजार 529 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

नेरचौक मेडिकल कालेज में मंडी का बड़ा सेंटर

नेरचौक। मंडी जिला में नेरचौक मेडिकल कालेज में कोरोना वैक्सीनेशन का सबसे बड़ा सेंटर होगा। जहां लाभार्थियों को वैक्सीन दी जाएगी, क्योंकि कोविड अस्पताल होने के कारण यहीं सबसे ज्यादा स्वास्थ्य और दूसरे कर्मी हैं। यहां पहले दिन सौ लोगों को वैक्सीन दी जाएगी। नेरचौक मेडिकल कालेज मे पहली वैक्सीन एंबुलेंस के ड्राइवर को दी जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box