मौसम विभाग का पूर्वानुमान, कई स्थानों पर खिली रहेगी धूप
हिमाचल प्रदेश में 17 जनवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। मौसम विभाग द्वारा राज्य में पूरे सप्ताह के दौरान बारिश व बर्फबारी न होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। ऐसे में प्रदेश के लोगों को बारिश-बर्फबारी के लिए अभी और इंतजार करना पडे़गा। मौसम विभाग द्वारा 25 जनवरी के बाद ही मौसम में करवट आने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में सोमवार को मौसम साफ बना रहा। दिन के समय धूप खिली रही। मगर दोपहर बाद राज्य के कुछ स्थानों पर शीतलहरों के प्रवाह के साथ आसमान में बादल घिरने शुरू हो गए थे, जिससे कुछ स्थानों के तापमान में रविवार के मुकाबले गिरावट रिकॉर्ड की गई है।
केलांग के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा तीन डिग्री की गिरावट आई है। इसके अलावा शिमला, सुंदरनगर, धर्मशाला, ऊना के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भुंतर, कल्पा, सोलन और चंबा के अधिकतम तापमान में एक डिग्री तक का उछाल दर्ज किया गया है। डलहौजी के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी आई है। कल्पा व केलांग का पारा अभी भी माइनस डिग्री में चला हुआ है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 17 जनवरी तक मौसम साफ बना रहेगा। मंगलवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर दिन के समय धुंध घिरी रहेगी।

No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box