मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 की समीक्षा बैठक: जनता को हर विभाग से शिकायत


शिमला— मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 की समीक्षा बैठक में सीएम जयराम ठाकुर व अधिकारी

राज्य ब्यूरो प्रमुख—शिमला

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश सरकार के हर विभाग से लोगों की शिकायतें मिल रही हैं। सीएम ने संबंधित अफसरों को निर्देश जारी किए हैं कि जन समस्याओं का निपटारा करना सभी की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं पर सभी अधिकारी गंभीरता से कार्य करें। मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अधिकारियों को यह निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायतों के शीघ्र निवारण को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करें, ताकि शिकायतों के निवारण में अनावश्यक रूप से देरी के कारण उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 और जनमंच लोगों की शिकायतों का निवारण उनके घर द्वार पर करने के लिए वरदान सिद्ध हो रहे हैं। हेल्पलाइन-1100 शुरू होने के पश्चात इस पर 84 विभागों से संबंधित 789756 फोन कॉल आए, जिनमें से 153970 शिकायतें, 13682 मांगें एवं सुझाव और 622104 जानकारी एवं फॉलोअप कॉल्स और अधिकारी हेल्प डेस्क पर 17946 फोन कॉल्स प्राप्त हुए।

 शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि के पश्चात 98132 शिकायतें बंद कर दी गईं। जयराम ठाकुर ने कहा कि शिकायतों का उचित विश्लेषण किया जाना चाहिए, ताकि संबंधित विभाग शिकायतों के मुख्य कारण से संबंधित डेटा प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि इससे न केवल जनता की शिकायतों का निवारण होगा, बल्कि शिकायतकर्ता संतुष्ट भी होंगे। उन्होंने कहा कि कुल शिकायतों में से 81 प्रतिशत प्रदेश के 10 मुख्य विभागों जल शक्ति, लोक निर्माण विभाग, पंचायती राज, राजस्व, एचपीएसईबीएल, पुलिस, ग्रामीण विकास, एचआरटीसी, वन और शहरी विकास विभाग से संबंधित होती हैं। इसलिए इनके शीघ्र निवारण पर विशेष बल दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हालांकि पिछले वर्ष की तुलना में शिकायतों के संतोषजनक निवारण की दर में वृद्धि हुई है, परंतु इसे और अधिक बढ़ाने के प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग की संतोषजनक क्लोजर रिपोर्ट  72 प्रतिशत है, जो कि सबसे अधिक है, जबकि राज्य स्तर पर संतोषजनक क्लोजर प्रतिशत 64 प्रतिशत है।

फेक कॉल रोकने को बनाएं पालिसी

मुख्यमंत्री ने एल 4 चरण में बड़ी संख्या में लंबित मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासनिक सचिवों को शिकायतों के निवारण पर विशेष बल देना चाहिए और लंबित मामलों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। अप्रासंगिक और झूठी कॉल करने वालों पर रोक लगाने के लिए नीति तैयार की जानी चाहिए, क्योंकि इसके कारण संबंधित विभागों को अनावश्यक परेशानी होती है। उन्होंने हेल्पलाइन के कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना भी की।

सूचना प्रौद्योगिकी का प्रभावी इस्तेमाल

सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डा. रामलाल मार्कंडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन लोगों की शिकायतों के शीघ्र निवारण के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि इससे यह सिद्ध हुआ है कि सुशासन के लिए सूचना प्रौद्योगिकी का कैसे प्रभावी इस्तेमाल किया जा सकता है।

लक्ष्यों-उपलब्ध्यों का विश्लेषण करें विभाग 

मुख्य सचिव अनिल खाची ने कहा कि राज्य के संपूर्ण विकास के लिए डेटा संचालित राय महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को अपनी उपलब्धियों एवं लक्ष्यों का विश्लेषण करना चाहिए। उन्होंने विभिन्न लक्ष्यों के लिए विशेषताओं और समयसीमा को पुनः परिभाषित करने की आवश्यकता भी महसूस की।

सीएम से मिले नगर परिषद सुंदरनगर के नवनिर्वाचित पार्षद

शिमला। नगर परिषद सुंदरनगर के नवनिर्वाचित सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक  राकेश जम्वाल के नेतृत्व में मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भेंट की। मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए उनसे समर्पण भाव के साथ लोगों की सेवा करने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि अब उन्हें जनता की उम्मीदों पर  खरा उतरना होगा विधायक राकेश जम्वाल ने सुंदरनगर क्षेत्र में विभिन्न विकासात्मक परियोजनाएं शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इसके परिणामस्वरूप भाजपा ने भारी बहुमतों से नगर परिषद सुंदरनगर में विजय प्राप्त की है।

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box