कहा भी जाता है कि मौत कहीं भी और किसी भी बहाने आ सकती है। वीरवार को भी ऐसा ही हुआ, जहां रिटायरमेंट का खुशीभरा माहौल गम में तब्दील हो गया। एक मेहमान की कार समारोह में गिर गई, जिसमें रिटायर हुए व्यक्ति की समधन समेत दो की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा घंडल के नीचे शकराह गांव में वीरवार देर शाम को हुआ। इस हादसे पूरे इलाके में शोक की लहर है।
शकराह में बेलीराम के घर वीरवार को एक समारोह था। बेलीराम एजी ऑफिस में सीनियर अकाउंट ऑफिसर के पद कार्यरत थे। वीरवार को बेलीराम रिटायर हुए तो शाम के समय बेलीराम ने अपने घर में एक रिटायरमेंट समारोह रखा। दफ्तर में पार्टी देने के बाद शाम के समय काफी लोग उनके घर समारोह में पहुंचे। समारोह में बेलीराम के दफ्तर के साथी कर्मचारी, रिश्तेदार सहित अन्य परिचित लोग भी पहुंचे।
बेलीराम के घर में खुशी का माहौल था। काफी संख्या में लोग समारोह में पहुंचे थे और कई सालों तक एजी आफिस में सेवाएं देने के बाद रिटायर होने पर उनको बधाइयां दे रहे थे। इसके बाद लोग भोजन भी करने लगे। शाम करीब 7.30 बजे तक अधिकांश लोग शाम के समय का खाना खा चुके थे और इस दौरान यह हादसा हो गया।
गम में बदली खुशियांः घंडल के नीचे शकराह गांव में एजी ऑफिस से रिटायर हुए सीनियर अकाउंट ऑफिसर बेलीराम के घर हुआ ये हादसा
इसलिए हुआ ये हादसाः बेलीराम ने मेन सड़क से एक छोटा सा लिंक घर को निकाला है। सड़क के साथ ही नीचे उनका घर है, जहां पर यह कार्यक्रम चल रहा था। समारोह में चायली के रमेश कुमार भी पहुंचे थे। रमेश कुमार एजी आफिस में बेलीराम के सहयोगी कर्मचारी हैं।
शाम के समय खाना खाने के बाद रमेश कुमार दो अन्य लोगों के साथ अपनी कार से वापस जाने की तैयारी में थे। पुलिस के अनुसार जैसे ही रमेश ने कार स्टार्ट की, इसने एकदम स्पीड पकड़ ली। कार सड़क से करीब 15 फुट नीचे घर के आंगन में जा गिर गई, जहां कुछ लोग बैठे थे। इस कार की चपेट में विमला (47) निवासी खुमारी, कोहबाग और उनकी पड़ोसन बीना देवी (49) और शकराह गांव की ज्योति (27) व कमला आ गईं।
पल में ही मातम में बदल गया समारोहः कार गिरने से वहां पर चीख पुकार मच गई। लोग कार की चपेट में आई विमला देवी, बीना देवी, ज्योति और कमला को तत्काल गाड़ी में पहले धामी अस्पताल ले गए, जहां से उनको आईजीएमसी लाया गया। इस बीच विमला देवी और बीना देवी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक विमला देवी शकराह निवासी बेलीराम की समधन थीं।
विमला देवी की बेटी बेलीराम की बहू है। यही वजह है कि विमला देवी और उनके परिवार के अन्य सदस्य भी खुशी के इस कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। विमला देवी के साथ ही उनकी रिश्तेदार बीना देवी भी इस समरोह में आई थीं।
लेकिन हादसे से पूरा माहौल मातम में बदल गया। खुशी मनाने के लिए आयोजित किया गया यह समारोह शोक में तब्दील हो गया। इस हादसे में घायल शकराह की ज्योति और उनकी मां कमला देवी को अस्पताल से उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे में दो महिलाओं की मौतः एडिशनल एसपी प्रवीर ठाकुर ने कहा है कि शकराह में रिटायरमेंट समारोह के दौरान यह हादसा हुआ है। एक कार अनियंत्रित होकर घर के आंगन में गिर गई जहां पर समारोह आयोजित किया जा रहा था। हादसे में दो महिलाओं की मौत हुई है जबकि दो महिलाओं को चोटें आई हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3eco9it
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box