शिमला में बस स्टैंड के पास लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को निजात मिलेगी। इसके लिए ओल्ड बस स्टैंड से लेकर लोकल बस स्टैंड तक की सड़क को चौड़ा किया जाएगा। इस काम के लिए जिन दुकानों को हटाया जाएगा उनके लिए एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स लोकल बस स्टैंड के पास बनाया जाएगा।
नगर निगम के आयुक्त पंकज राय ने नगर निगम, स्मार्ट सिटी लिमिटेड, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ इस जगह का निरीक्षण किया। पंकज राय ने इस दौरान होने वाले कार्यों को लेकर दिशा निर्देश दिए। लोकल बस स्टैंड को पहले ही चौड़ा किया जा चुका है लेकिन इसके और पुराने बस स्टैंड के बीच की जगह की सड़क अभी भी काफी तंग है।
सबसे ज्यादा दिक्कत पंचायत भवन के साथ लगते मोड़ की है जहां पर ऊपर की ओर एक होटल बना हुआ है। मोड़ की वजह से यहां सड़क काफी तंग हैं। पंचायत भवन के साथ भी यह सड़क तंग है। ऐसे में इस पूरी जगह को चौड़ा किया जाना है। इस के लिए पंचायत घर के पास स्थित ट्रांसफॉर्मर को एचआरटीसी की पार्किंग पर स्थित ट्रांसफार्मर के पास शिफ्ट किया जाएगा।
इस बारे में फैसला लिया जा चुका है। टांसफॉर्मर के शिफ्ट होने से यहां होटल लेकर लोकल बस स्टैंड तक की सड़क चौड़ी हो सकेगी। इसकी लोग काफी समय से मांग करते रहे हैं। सड़क के चौड़ा होने के काम में आने वाली भूमि के लिए अधिग्रहण का कार्य पूरा हो चुका है। इसको लेकर नगर निगम के आयुक्त पंकज राय ने लोक निर्माण विभाग और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ इस पूरी जगह का जायजा लिया।
लोकल बस स्टैंड के पास बनेगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्सः शिमला स्मार्ट सिटी के तहत लोकल बस स्टैंड पर बनी हुई पुरानी दुकानें दोबारा निर्मित की जाएंगी। यहां पर एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। नगर निगम के आवास, ट्रांसपोर्ट कंपनी के स्थान पर यह कॉम्प्लेक्स बनेगा। इसमें पार्किंग का भी प्रावधान होगा। फुटपाथ भी बनाया जाएगा ताकि पैदल चलने वाले लोगों को गाड़ियों की वजह से कोई दिक्कत न हो। इसका काम लोकनिर्माण विभाग द्वारा जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। नगर निगम के आयुक्त पंकज राय ने अतिरिक्त आयुक्त अजित भारद्वाज, स्थानीय पार्षद राकेश चौहान के साथ कसुम्पटी में बनने वाले शॉपिंग कॉम्प्लेक्स व पार्किंग के कार्यों का भी जायजा लिया।
- लोकल बस स्टैंड से पुराने बस स्टैंड तक की सड़क को चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। इसके साथ लोकल बस स्टैंड पर एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनेगा, जिसमें दुकानों को शिफ्ट किया जाएगा। इससे यहां पर ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी।
अजीत भारद्वाज, अतिरिक्त आयुक्त
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZZDXiM
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box