शिमला में एक महिला के साथ एक फाइनांशियल प्लेटफार्म के केवाईसी अपडेट करने के नाम पर ठगी हुई है। महिला से मोबाइल पर क्विक सपोर्ट एप डाउनलोड करवाया गया। इसके माध्यम से साइबर क्रिमिनल ने महिला के मोबाइल फोन को एक्सेस कर डिटेल हासिल कर ली और उनके खाते से 84 हजार से अधिक की निकासी की गई। यह अपनी तरह का पहला मामला है, जिसमें दूर बैठ शातिरों ने मोबाइल फोन का एक्सेस लेकर ठगी की। महिला ने ठगी की पुलिस में शिकायत दी है।
साइबर क्रिमिनल्स ठगी के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। क्रिमिनल्स को अपने झांसे में लेकर ठगी को अंजाम दे रहे हैं। अक्सर साइबर क्रिमिनल्स एटीएम, बैंक खाते आदि की जानकारी बैंक कर्मचारी बनकर लेते हैं। लेकिन अब यह तरीका पुुराना हो गया है। ऐसे में नई तरीकों से ठगी को अंजाम दिया जा रहा है जिनके बारे में आम लोगों को जानकारी नहीं रहती है। ऐसा ही एक तरीका शिमला की महिला के साथ ठगी करने के लिए अपनाया गया है। महिला का एक फाइनांशियल प्लेटफार्म पर खाता था। शातिर ने महिला को फोन कर केवाईसी अपडेट करने को कहा। इसके बाद ठगी को अंजाम दिया गया।
ऐसे लिया महिला को झांसे मेंः पुलिस को दी शिकायत में महिला ने कहा है कि उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताया और कहा कि आपका केवाईसी अपडेट नहीं है। ऐसे में इसको अपडेट करना जरूरी है अन्यथा आपका खाता बंद हो जाएगा। महिला भी फोन करने वाले की बातों में आ गई। इसके बाद शातिर ने महिला से उनके मोबाइल फोन में एक क्विक सपोर्ट एप डाउनलोड करवाई।
इसके बाद खाते में 10 रुपए ऐड करने को कहा। महिला की पहली ट्रांजेक्शन रिजेक्ट हुई तो दोबारा ऐसा किया। लेकिन इस बार 84,884 रुपए खाते से कट गए। इसके बाद जब आरोपी का मोबाइल बंद आने लगा,तो महिला को ठगी का अहसास हुआ और पुलिस में शिकायत दी।
क्विक सपोर्ट एप से दूर बैठे ले सकते हैं सिस्टम का एक्सेसः क्विक सपोर्ट एक ऐसी एप है जिसका इस्तेमाल दूर बैठे ही कोई आपके मोबाइल फोन या कंप्यूटर का एक्सेस ले सकता है। दरअसल इस तरह की एप को डाउनलोड करवाने का मकसद दूसरे से सर्विस सपोर्ट लेेने के लिए किया जाता है। इस तरह दूर बैठा व्यक्ति जो आपसे एप डाउनलोड करवाता है वो आपके मोबाइल और कंप्यूटर को ऑपरेट कर सकता है। इसके अलावा आपकी हर गतिविधियों को भी इसके माध्यम से नोट किया जा सकता है। ऐसे में अगर आप अपने बैंक खाता और अन्य खातों में यूजर नेम और पासवर्ड डाल रहे हैं तो दूसरे व्यक्ति को इसका पता चल पाता है। ऐसा करने के बाद शातिर ठगी को अंजाम दे देता है।
हर किसी के कहने पर न करें एप डाउनलोडः साइबर विशेषज्ञों की मानें तो किसी दूसरे के कहने पर अपने मोबाइल या कंप्यूटर पर क्विक सपोर्ट एप कभी भी डाउनलोड न करें। केवल भरोसेमंद लोगों के कहने पर ही ऐसा करें, वो भी तब जब आप सिस्टम के लिए उसकी सर्विस ले रहे हैं। अन्यथा आप ठगी को शिकार हो सकते हैं। डीएसपी सिटी दिनेश शर्मा ने कहा है कि महिला की शिकायत पर ठगी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2RrJvOm
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box