चंबा: सलूणी उपमंडल की सील की गई खड़जौता, पिछला डियूर और डियूर पंचायतों में दवाइयों की दुकानों को छोड़ कर शेष दुकानों को खोलने और अन्य गतिविधियों पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। वीरवार को पुलिस विभाग की ओर से सीज की गई पंचायतों को जाने वाले चकोली-हिमिगिरी मार्ग पर हलूरी और हिमगिरी में पुलिस टीमों की ओर से सड़क पर ड्रम लगा कर नाके लगा दिए गए हैं। इतना ही नहीं, सील की गई पंचायतों के तहत आते वार्डों में अमूमन 25 टीमों का गठन किया गया है। अब ये टीमें घर द्वार पर जाकर लोगों को जरूरतानुसार सामान की होम डिलीवरी करेंगी। इसके अलावा सील पंचायतों के अधीन आने वाले गांवों में एक्टिव केस फाइंडिंग के लिए कर व्यक्ति की शनिवार से सैंपलिंग की जाएगी।
सलूणी उपमंडल के तहत आते क्षेत्र में दो कोरोना पॉजिटिव केस सामने आने से हड़कंप सा मच गया है। कोरोना संक्रमित केसों को देखते हुए शासन-प्रशासन ने एहतियात के तौर पर क्षेत्र की तीन पंचायतों को सील कर दिया है। पंचायतों के तहत आते गांवों में खाद्य सामग्री सहित सब्जियों की होम डिलीवरी के लिए पंचायत स्तर पर सलूणी प्रशासन की ओर से वार्ड वाइज वार्ड सदस्यों, सेक्रेटरी, जीआरएस को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कुल मिलाकर 25 वार्ड सदस्यों को इसका जिम्मा सौंपा गया है। इसके अलावा प्रशासन की ओर से खाद्य सामग्री और सब्जियों की सप्लाई की होम डिलिवरी करने के लिए गाड़ियों को पास प्रदान किया जाएगा। प्रशासन की ओर से साफ किया गया है कि क्षेत्र में अन्य लोगों की सुरक्षा और एहतियात के तौर पर सील पंचायतों के अधीन आने वाले गांवों में एक्टिव केस फाइंडिंग के लिए हरेक व्यक्ति की शनिवार से सैंपलिंग की जाएगी।
हर व्यक्ति के लिए जाएंगे सैंपल
एसडीएम सलूणी विजय धीमान ने बताया कि सील पंचायतों में अब दवाइयों की दुकानों को छोड़ शेष अन्य दुकानें और अन्य गतिविधियां बंद रहेंगी। कहा कि होम डिलिवरी का जिम्मा 25 टीमों को सौंपा गया है। ये टीमें लोगों को घर द्वार पर खाद्य सामग्री और सब्जियों की सप्लाई प्रदान करेंगी। कहा कि सीज पंचायतों के अधीन आने वाले गांवों में एक्टिव केस फाइंडिंग के लिए हर व्यक्ति की शनिवार से सैंपलिंग की जाएगी।

No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box