मंडी : हिमाचल प्रदेश कोरोना मुक्ति की तरफ बढ़ रहा है, लेकिन इसी बीच एक पॉजिटिव मामला सामने आने से सरकार की कोशिश को जोर का झटका लगा है। कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति मंडी के जोगिंद्रनगर उपमंडल का रहने वाला है। यह जिला को पहला कोरोना पॉजिटिव मामला है। इससे पहले जिला के तीन जमाती कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, लेकिन वह दिल्ली से सीधे मंडी न आकर उना चले गए थे, जहां वह पॉजिटिव पाए गए थे।
मिली जानकारी के अनुसार यह 30 वर्षीय व्यक्ति बीती 29 अप्रैल को दिल्ली से जोगिंद्रनगर स्थित अपने घर आया था। घर आने के बाद से इसे होम क्वारंटाइन में रखा गया था। इसे बुखार की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इसका सैंपल जांच के लिए लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज भेजा था। जहां जांच के दौरान सैंपल पॉजिटिव पाया गया। मेडिकल कॉलेज के एमएस डा. देवेंद्र शर्मा ने व्यक्ति के पॉजिटिव होने की पुष्टि की है। वहीं सीएमओ डा. जीवानंद चौहान ने बताया कि व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, स्वास्थ्य विभाग की टीम को उसके घर भेज दिया गया है।
डीसी ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि जहां पर व्यक्ति का घर है उसके आस पास के तीन किमी के दायरे को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। यहां आगामी आदेशों तक किसी भी प्रकार की कोई छूट नहीं दी जाएगी। उन्होंने लोगों से ऐहतियात बरतने की अपील की है। बता दें कि आज से ही मंडी जिला में कर्फ्यू के दौरान काफी छूट दे दी गई थी, लेकिन अब पॉजिटिव मामला आने के बाद प्रशासन दी गई छूट पर सख्ती बरतने पर विचार करने को मजबूर हो गया है।
उधर स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव निपुण जिंदल ने कहा कि इस मामले के साथ ही हिमाचल में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 2 हो गई है।

No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box