हिमाचल में दो और कोरोना मरीज

जालंधर से लौटे कांगड़ा के ज्वाली और चंबा के डेंठा के दो युवक पाए गए पॉजिटिव, प्रदेश में 35 पर पहुंचा पीडि़तों का आंकड़ा

शिमला, धर्मशाला - हिमाचल में बुधवार को कोरोना के दो नए मामले सामने आए हैं। चंबा के डेंठा (सिंहुता) और कांगड़ा के ज्वाली (कोटला) के ये दोनों मरीज जालंधर में काम करते थे और 10 अप्रैल को डमटाल होते हुए हिमाचल पहुंचे थे। इनके साथ ही हिमाचल आए कांगड़ा जिला के दो अन्य लोगों के सेंपल नेगेटिव पाए जाने के बावजूद छेब स्थित इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन सेंटर भेज दिया है। जहां उनका सेंपल सात दिन बाद फिर जांचा जाएगा। पुख्ता सूचना के अनुसार जालंधर की एक कंपनी से चार लोग हिमाचल के लिए रवाना हुए थे। इन चारों को डमटाल पुलिस ने रोकने की कोशिश भी की थी। बावजूद इसके चारों लिफ्ट लेकर कांगड़ा जिला के द्रमण में पहुंच गए। इस दौरान शाहपुर तथा सिंहूता के दो लोगों को आगे जाने से रोक दिया गया। इनमें से एक शाहपुर निवासी को निजी शिक्षण संस्थान हाईट्स में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में भेजा गया। सिंहुता के निवासी को थुलेल क्वारंटाइन सेंटर में दाखिल करवा दिया। हैरत है कि ज्वाली-कोटला और धीरा गांव के दो अन्य लोग सब्जी की गाड़ी में लिफ्ट लेकर अपने घरों में पहुंच गए। इस आधार पर कांगड़ा प्रशासन ने इन चारों के कोविड-19 के सैंपल भरे। लिहाजा कांगड़ा के कोटला तथा चंबा के सिंहुता के दोनों लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा घर पहुंचने वाला युवक और शाहपुर में क्वारंटीन किया गया व्यक्ति, दोनों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, लेकिन प्रशासन ने दोनों को कांगड़ा के छेब स्थित इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन सेंटर पहुंचा दिया है, जहां सात दिन बाद इनका सेंपल एक बार फिर जांचा जाएगा। कारण यह है कि फिलहाल बेशक दोनों की रिपोर्ट नेगेटिव आई हो, लेकिन दो पॉजिटिव साथियों के साथ लंबी यात्रा करने के कारण उनमें लक्षण बाद में भी उभर सकते हैं। इसके तुरंत बाद पुलिस ने इनके संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू कर दी है। उपायुक्त कांगड़ा राकेश प्रजापति ने बताया कि यह मामला सामने आने के तुरंत बाद उक्त व्यक्ति के पूरे परिवार को आइसोलेट कर दिया गया है। कांगड़ा जिला का यह पांचवा कोरोना पॉजिटिव मामला है। इससे पूर्व तीन मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि एक तिब्बती बुजुर्ग की मृत्यु हो चुकी है। वहीं प्रदेश में कोरोना के दो नए मामले पॉजिटिव आने के बाद इनकी संख्या 35 पहुंच गई हैं, जिनमें 12 स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। प्रदेश में अगर एक्टिव मामलों की बात करें तो इन दो को मिलाकर इनकी संख्या 18 हो गई है। गौरतलब है कि प्रदेश भर में बुधवार को कोरोना संक्रमण के संदिग्ध 115 लोगों के सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए थे। जिनमें से 113 सैंपलों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई और दो सैंपल पॉजिटिव पाए गए। प्रदेश में इस समय तक 1426 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 35 व्यक्तियों में इस संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। अभी तक 5875 लोगों को सुरक्षा के दृष्टिगत निगरानी में रखा गया था। इसमें से 4036 लोगों ने 28 दिनों की निर्धारित निगरानी अवधि को पूर्ण कर लिया हैं एवं स्वस्थ हैं और 1839 लोग अब भी निगरानी में हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी नागरिकों से आह्वान किया जाता है कि वे लॉकडाउन अवधि के दौरान संयम बनाये रखें, घर पर रहें, मानसिक तनाव एवं नकारात्मक विचारों को अपने ऊपर हावी न होने दें। इस समय आप स्वयं व अपने परिवार के मानसिक स्वास्थ्य का पूर्ण ध्यान रखें। इसके लिए आप नियमित योगाभ्यास करें, सकारात्मक सोच के साथ अपने परिवार को रचनात्मक कार्यों में व्यस्त करें। ऐसे में आपके शारीरिक, मानसिक व भावनात्मक स्वास्थ्य को बल मिलेगा। सरकार द्वारा जारी दिशानिर्देशों का निष्ठा से अनुपालन करें, तभी हम त्वरित गति से कोरोना वायरस जैसी वैश्विक महामारी पर विजय पा सकेंगे।
कोरोना अब तक
निगरानी में 5875
क्वारंटाइन पीरियड 4036
कुल सैंपल 1426
कुल नेगेटिव 1391
कुल पॉजिटिव 35
ठीक हुए 12
पॉजिटिव (माइग्रेटिड) 04
उपचाराधीन 18
कोरोना से मौत 01
सैंपल लेते हुए हुई चूक, पड़ न जाए भारी!
सूचना के अनुसार सिंहुता के युवक को थुलेल क्वारंटाइन सेंटर में तहसीलदार लेकर गए थे। इसके अलावा इसके सैंपल भरने के लिए मेडिकल अफसर के साथ आए दूसरे चिकित्सा अधिकारी ने न पीपीई किट पहनी थी, न गलब्स। इस कारण अब उनके भी टेस्ट हो सकते हैं। हालांकि इसकी पुष्टि के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने इस व्यक्ति के संपर्क में आए लोगों की वेरीफिकेशन शुरू कर दी है।
चंबा प्रशासन के हाथ-पांव फूले
शिमला। बुधवार को चंबा निवासी युवक के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं। कारण यह है कि उसे 60 अन्य लोगों के साथ क्वारंटाइन में रखा गया था। यही नहीं, यह भी पता चला है कि पीडि़त के यहां रहते हुए सिहुंता के विधायक विक्रम जरियाल भी इस सेंटर में व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे थे।

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box