ट्रंप ने डब्ल्यूएचओ की फंडिंग पर लगाई रोक
वाशिंगटन - अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) को दी जाने वाली सालाना 50 करोड़ डालर तक की अमरीकी धनराशि को रोकने की घोषणा की है। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में महामारी पर अपने दैनिक संवाददाता सम्मलेन में कहा कि मैं अपने प्रशासन को विश्व स्वास्थ्य संगठन के वित्त पोषण को रोकने का निर्देश दे रहा हूं। साथ ही कोरोना वायरस के प्रसार में गंभीर कुप्रबंधन और इसे छिपाने की कोशिश के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन की भूमिका की समीक्षा की जा रही है। हर कोई जानता है कि वहां (चीन में) क्या हुआ।ट्रंप और उनके वरिष्ठ अधिकारी इससे पहले भी जेनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र के स्वास्थ्य निकाय पर चीन की तरफदारी करने का आरोप लगा चुके हैं। ट्रंप की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा कि यह समय डब्ल्यूएचओ के संसाधनों में कटौती करने का नहीं है। ट्रंप ने कहा कि अमरीकी करदाता हर साल 40 करोड़ से 50 करोड़ डालर तक डब्ल्यूएचओ को देते हैं, जबकि चीन एक साल में लगभग चार करोड़ डालर का योगदान देता है या इससे भी कम। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रमुख प्रायोजक के रूप में अमरीका का यह कर्तव्य है कि वह डब्ल्यूएचओ की पूर्ण जवाबदेही तय करे।

No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box