बीबीएन में 43 जमातियों पर केस, निजामुद्दीन मरकज से आने की बात छिपाने पर कार्रवाई, सभी क्वारंटाइन
18 मार्च से नगर की मस्जिदों, शहर व गांवों में टोलियां बना घूमते रहे
बीबीएन- औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में पुलिस प्रशासन को गुमराह कर बिना किसी सूचना के दाखिल हुए तबलीगी जमात के 43 लोगों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस पड़ताल में खुलासा हुआ है कि इन लोगों ने जानबूझकर निजामुद्दीन मरकज में हुए जलसे में शामिल होने की बात को छिपाया और 18 मार्च से लेकर पहलीअप्रैल तक बद्दी बरोटीवाला व नालागढ़ की मस्जिदों, शहर व गांवों में टोलियां बनाकर घूमते रहे।यही नहीं, लॉकडाउन के बाद भी तबलीगी जमात से जुडे़ ये लोग रुके नहीं, बल्कि अपने अगुआ मोहम्मद वसीम के निर्देश पर नालागढ़ की कई मस्जिदों सहित सार्वजनिक स्थानों पर घूमते रहे। बहरहाल पुलिस जिला प्रशासन ने बीबीएन में रह रहे तबलीगी जमात के 43 लोगों पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जब इन्हें ट्रेस कर पूछताछ की तो इन सभी लोगों ने निजामुद्दीन मरकज में आने-जाने की बात को सिरे से नकार दिया था। उन्होंने पुलिस को गुमराह करते हुए बताया कि वे निजामुद्दीन मरकज से नहीं, बल्कि गाजियाबाद से सीधे नालागढ़ मरकज में आए थे। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि 18 मार्च को हिमाचल में दाखिल होने के बाद ये लोग यहां पर 5-7 व्यक्तियों की जमात बनाकर नालागढ़ ,जोघों व दभोटा की मस्जिदों में आते-जाते रहे।
इसके अलावा जब कोरोना वायरस के मद्देनजर इन जमातियों के मुखिया मोहम्मद वसीम सहित अन्यों के मोबाइल फोन की सीडीआर लोकेशन साइबर सैल की मदद से खंगाली गई तो पता चला कि मोहम्मद वसीम 16 मार्च से 18 मार्च तक निजामुद्दीन की लोकेशन पर रहा है तथा 19 मार्च को उसकी लोके शन नालागढ़ की मिली। यही नहीं, उस दौरान हिमाचल प्रदेश में धारा 144 लागू कर दी गई थी और पूर्ण लॉकडाउन भी हुआ था। बावजूद इसके मोहम्मद वसीम अपने 43 जमातियों के साथ पंजैहरा, सोबन माजरा ,देवली ,वरुणा ,भोगपुर आदि सार्वजनिक स्थानों पर आता जाता रहा ।
एसपी बद्दी रोहित मालपानी ने पुष्टि करते हुए बताया कि मोहम्मद वसीम सहित सभी 43 जमातियों ने जानबूझकर निजामुद्दीन मरकज की बात को छिपाया और अपने साथियों के साथ नालागढ़ के एरिया में घूमता रहा है। पुलिस ने इस मामले में सभी 43 लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 188, 269, 270, 271, डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट 2005 की धारा 51,58 के तहत मुकददमा दर्ज किया है। ये सभी लोग रामशहर रोड स्थित क्वारंटाइन सेंटर में एहतियात के तौर पर क्वारंटाइन कर दिए गए हैं।

No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box