हजार करोड़ कर्ज लेगी सरकार, 500-500 करोड़ की किस्तों में आएगी राशि

राज्य सरकार इस महीने फिर से कर्ज लेगी। इस बार भी एक हजार करोड़ का कर्ज लिया जा रहा है। वित्तायोग ने भी सरकार के कर्ज पर सवाल उठाए हैं मगर बिना कर्ज के यहां की गाड़ी आगे नहीं बढ़ सकती। सरकार दो मदों में दीर्घ कालिक कर्ज लेने जा रही है। कर्ज की राशि 500-500 करोड़ की दो समान किस्तों में सरकार के खजाने में 17 फरवरी को जमा होगी। इससे पहले सरकार को नीलामी की प्रक्रिया से गुजरना होगा। हालांकि सरकार ने अभी तक केंद्र सरकार द्वारा तय सीमा के तहत ही कर्ज लिया है। बावजूद इसके लगातार कर्ज लेने का असर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर पड़ना तय है।


17 फरवरी को सरकार के खजाने में आने वाली कर्ज की 500 करोड़ की रकम का भुगतान फरवरी, 2035 व दूसरी 500 करोड़ की राशि का भुगतान फरवरी, 2036 में करना होगा। 15वें वित्तायोग एवं कैग की रिपोर्ट में सरकार को कम कर्ज लेने की सलाह दी गई है। साल 2018-19 में प्रदेश सरकार सकल घरेलू उत्पाद के मुकाबले  35.3 फीसदी कर्ज ले रही थी। यह 2019-20 में कर्ज का यह प्रतिशत 33.68 तथा 2020.21 में 33.62 फीसीद होगा। बेशक सकल घरेलू उत्पाद के मुकाबले बीते दो सालों में कर्ज लेने की रफतार कुछ कम हुई है, बावजूद इसके प्रतिबद्ध देनदारियों का भुगतान करने के लिए सरकार को कर्ज पर निर्भर होना पड़ रहा है। वैश्विक आर्थिक हालात को देखते हुए कर्ज लेना सभी सरकारों की मजबूरी बन गई है, लेकिन यह क्रम लगातार जारी रहने से आने वाले समय में प्रदेश में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। (एचडीएम)

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box