हिम के आगोश में समाया हिमाचल, शिमला में पहली ही बर्फबारी ने तोड़ा 30 साल का रिकार्ड

शिमला। राजधानी के रिज पर गुरुवार को भारी बर्फबारी के दौरान उमड़े पर्यटक। इस दौरान रिज की निशानी चर्च व अन्य स्मारक बमुश्किल नजर आ रहे थे

हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को प्रकृति ने खूब दरियादिली दिखाई और लगभग समूचा प्रदेश चांदी में लिपट गया है। पहाड़ों पर दिनभर बर्फ बारी और मैदानी इलाकों में जमकर बारिश हुई, जिससे समूचा राज्य शीतलहर की चपेट में आ गया है। 267 सड़क मार्ग पूरा तरह से बंद हो गए हैं। राजधानी शिमला में गुरुवार को साल के पहले हिमपात में रिकार्डतोड़ बर्फबारी दर्ज की गई। शिमला में लगातार नौ घंटे तक बर्फ गिरी और 50 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज हुआ। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर शुक्रवार को भी हिमपात होगा।

 मैदान इलाकों में इस दौरान बारिश होने की आशंका जताई जा रही है। राजधानी में बर्फबारी का पिछले 30 साल का रिकार्ड टूटा है। इसके अलावा प्रदेश के हर उस हिस्से में बर्फबारी हुई है, जहां कई दशक पहले तो होती थी, पर पिछले कुछ वर्षों से नहीं हो पाई थी। सोलन के मालरोड पर दोपहर अढ़ाई बजे फाहे गिरने शुरू हुए और देर सायं तक समूचा शहर बर्फ से लकदक था। कंडाघाट, बड़ोग, धर्मपुर, कसौली, गड़खल, चायल, वाकनाघाट में भी अच्छी बर्फबारी हुई। 

चायल-शिमला मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। क्षेत्र में सीजन का दूसरा हिमपात है। चंबा के डलहौजी में 12 बजे फाहे गिरने शुरू हुए और यह सिलसिला शाम तक चलता रहा। कालाटॉप में छह इंच, खजियार में तीन इंच, डैनकुंड में सात इंच तक बर्फबारी हुई। इसके अलावा कोठी में 15, कल्पा में 11, गुड़ला में 11, भरमौर में पांच, मनाली व केलांग में तीन और डलहौजी में दो सेंटीमीटर बर्फ बारी हुई। केलांग के बजाय गुरुवार को रोहतांग, मनाली में ज्यादा बर्फबारी हुई। किन्नौर जिला का चूड़धार पूरी तरह बर्फ के आगोश में समा चुका है।

गौरतलब है कि कि हिमाचल प्रदेश में बीते बुधवार शाम के समय ही मौसम में करवट ले ली थी। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बीते 24 घंटो के दौरान भी बर्फबारी हुई थी। हालांकि गुरुवार को सुबह के समय प्रदेश में मौसम साफ  बना रहा, मगर नौ बजे की करीब बारिश व बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया था। शिमला में सुबह से शाम तक बर्फ बारी होती रही। शिमला के साथ-साथ कल्पा, कोठी, गोंडला, मनाली, केलांग, डलहौजी में भी दिन के समय रुक-रुककर बर्फबारी होती रही। बारिश-बर्फबारी से समूचा राज्य शीतलहर की चपेट में आ गया है।

मौसम ने करवट आने के बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में छह से सात डिग्री तक की गिरावट आई है। बारिश बर्फबारी  के बाद प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कल्पा, केलांग, शिमला, मनाली, डलहौजी, मनाली व कुफरी का न्यूनतम तापमान माइनस में चल रहा है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में शुक्रवार को भी एक- दो स्थानों पर बर्फबारी होगी, जबकि प्रदेश में छह से 10 फरवरी तक मौसम साफ  बना रहेगा। (एचडीएम)

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box