12 फरवरी तक मौसम साफ; विभाग का पूर्वानुमान, तापमान में होगी बढ़ोतरी

 


हिमाचल प्रदेश में अगले पूरे सप्ताह के दौरान मौसम साफ बना रहेगा। विभाग द्वारा प्रदेश में 12 फरवरी तक मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रहेगी। इससे अगामी दिनों में ठंड से जनता को निजात मिलने की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में दिन के समय मौसम साफ बना रहा। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी आने से दिन के समय मौसम सुहावना बना रहा। अधिकतम तापमान में शुक्रवार के मुकाबले एक से आठ डिग्री तक का भारी उछाल रिकॉर्ड किया गया है।


डलहौजी के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा आठ डिग्री का उछाल दर्ज किया गया है। इसके अलावा सोलन व धर्मशाला में चार, शिमला, ऊना में तीन, कल्पा व चंबा में दो डिग्री तक पारा चढ़ा है। हालांकि प्रदेश के केलांग का पारा माइनस डिग्री में चल रहा है, मगर अन्य क्षेत्रों में तापमान में बढ़ोतरी होने से लोगों को कड़ाके की ठंड से काफी हद तक की राहत मिली है।  हालांकि अभी भी प्रदेश में रात के समय ठंड का कहर जारी है। कल्पा, केलांग, मनाली व कुफरी का पारा माइनस डिग्री में चल  रहा है। 

सोलन, भुंतर का पारा शून्य डिग्री में चल रहा है। नाहन को छोड़कर प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में तापमान चार डिग्री से कम चल रहा है। इसके चलते लोगों को रात के समय कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 12 फरवरी तक मौसम बना रहेगा इस दौरान अधिकतर क्षेत्रों में धूप खिली रहेगी।

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box