हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति इलाके में पिछले कई दिन से भारी बर्फबारी हो रही है। ऐसे में मनाली-लेह मार्ग के बाद सैलानियों के लिए अब रोहतांग दर्रा भी बंद कर दिया गया है। मनाली प्रशासन ने सैलानियों को अटल टनल होते हुए लाहौल आवाजाही नहीं करने की सलाह दी है। दूसरी ओर बर्फबारी जितना रोमांचित करती है, उतनी ही परेशानियां भी लेकर आती है। अब घाटी के आसपास खड़ी गाड़ियों को बर्फ की चादर ओढ़े देखा जा सकता है। बताया जाता है कि मनाली-लेह मार्ग के बारालाचा दर्रे में डेढ़ फीट हिमपात हुआ है, जिसके चलते इसे वाहनों के लिए बंद करना लाजमी हो गया।
और कहां कितनी बर्फ गिरी?
दारचा में सात इंच, जिस्पा में भी 6-7 इंच बर्फबारी हुई है, वहीं जिला मुख्यालय केलांग में अब तक चार इंच बर्फ गिरी है। लाहौल की ओर अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल में तीन इंच बर्फ गिरी है। पूरी चन्द्रा घाटी में बर्फ गिर रही है। कोकसर में भी चार इंच बर्फ पड़ चुकी है।
इसलिए रोकना पड़ा वाहनों का आवागमन
बर्फबारी में वाहन के स्किड होने का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि अभी अटल टनल से केलांग के लिए फॉर व्हील ड्राइव वाहनों की आवाजाही जारी है, लेकिन खतरा बढ़ गया है। इसके चलते प्रशासन की तरफ से केलांग की ओर से सभी वाहनों को सटिंगरी में ही रोक दिया है। मनाली प्रशासन ने सैलानियों को अटल टनल होते हुए लाहौल आवाजाही नहीं करने की सलाह दी है।
सैलानियों को गुलाबा से आगे जाने की अनुमति नहीं
इस बारे में मनाली के एसडीएम रमन घरसंगी ने बताया कि भारी हिमपात के मद्देनजर रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। सैलानियों को गुलाबा से आगे जाने की अनुमति नहीं है। लाहौल घाटी में बर्फबारी होने से वाहनों के स्किड होने का भी खतरा बढ़ गया है। ऐसे में पर्यटकों को चाहिए कि अटल टनल पार करके लाहौल की ओर न जाएं। सुरक्षा का ध्यान रखना बेहद जरूरी पहलू है और प्रशासन इसके लिए गंभीर है। लोगों को भी सहयोग करना चाहिए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2TQLPQ1
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box