कुल्लू पुलिस की टीम ने ओल्ड मनाली में हुए महिला के ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझा लिया है। जिसमें महिला के जान पहचान वाले एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को जब महिला की हत्या होने की खबर मिली थी तो उसी समय पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया था और सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों को सुरक्षित किया गया था। इस मामले में पुलिस ने एसआईटी का गठन किया था।
एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि जांच के दौरान करीब 68 लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपी और अन्य सबूतों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड, टेक्निकल एनालिसिस, सीसीटीवी फुटेज एनालिसिस और साइंटिफिक इन्वेस्टिगेशन टूल्स की मदद ली। सभी संभावित संदिग्धों को शॉर्टलिस्ट किया गया। उन्होंने बताया कि सभी सबूतों के आधार पर अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश दी गई। 25 सदस्यों की टीम ने पूरे इलाके की कांबिंग सर्च की।
उन्होंने बताया कि 31 साल के आरोपी प्रकाश उर्फ कालू उर्फ सेठी पुत्र स्व. शेर सिंह गांव थालतुकोड़ बाजोट पधर मंडी को बीती रात महिला की हत्या के जुर्म में मंडी जिला के पधर क्षेत्र में डीएसपी पधर की मदद से दबिश देकर गिरफ्तार किया गया।
आरोपी मृतका को पहले से जानता था और 15 अक्टूबर को रात को मृतका के घर ओल्ड मनाली गया और वहां पर मृतका के साथ कहासुनी होने पर उसे दराट से वार कर के जान से मार दिया और घटना स्थल से फरार हो गया।
आरोपी मनाली में 2005 से किराए पर रहता था और एक होटल में कुक का काम करता था और आजकल सेब तोड़ने का काम भी कर रहा था। आरोपी नशे का आदी था और 4 साल पहले नशामुक्ति केंद्र में तीन महीने तक रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3jiclMy
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box