हिमाचल के कुल्लू में आग से तीन मकान जले, लाखों रुपये का नुकसान

 


हिमाचल के कुल्लू जिले में आग लगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कभी जंगल तो कभी घर में आग लग रही है। जिले में शनिवार को आग की तीन घटनाएं सामने आई हैं। लगघाटी के डुघीलग के पवनग गांव और कोलीबेहड़ में शनिवार को आग लगने से दो मकान जले हैं। इससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पवनग में एक ढाई मंजिला घर जलकर राख हो गया। कोलीबेहड़ में एक मकान आंशिक रूप से जल गया। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर लाखों की संपत्ति को आग में जलने से बचाया है। 

सुबह के समय लगी आग से गांवों में अफरातफरी मच गई। अग्निशमन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार डुघीलग के पवनग गांव में शेर सिंह, रोशन लाल, दयालू राम, गुरदयाल के ढाई मंजिला मकान में सुबह करीब छह बजे अचानक कमरे में धुआं उठता दिखा। देखते ही देखते मकान से आग की लपटें निकलने लगी। आग की लपटें देख स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बुझाने का प्रयास किया। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। 

लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। इसके अलावा शनिवार करीब 11.45 बजे कोलीबेहड़ में शेर सिंह पुत्र रामू के ढाई मंजिला मकान में आग लग गई। यह आग मकान के साथ घास के कोठे में पहले लगी थी। लेकिन इसने मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। जिस समय आग लगी उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था। लेकिन ग्रामीणों की मुस्तैदी के चलते आग पर काबू पाया गया। 

अग्निकांड में करीब 10000 रुपये का नुकसान हुआ है। पांच लाख की संपत्ति को आग से बचाया गया। मामले की पुष्टि अग्निशमन विभाग के सब फायर ऑफिसर दुर्गा सिंह ने की। कहा कि डुघीलग के पवनग गांव में आग की घटना में दो लाख नुकसान, जबकि 10 लाख की संपत्ति बचाई गई है।

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box