हिमाचल प्रदेश में चार और कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई है। मंडी के नेरचौक कोविड अस्पताल में कुल्लू के ढालपुर के 82 वर्षीय संक्रमित बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। वहीं, नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड तीन प्रतापनगर के 42 वर्षीय कोरोना संक्रमित व्यक्ति की टांडा में कोरोना से मौत हो गई। शव का अंतिम संस्कार परिजनों की उपस्थिति में टांडा में ही कर दिया गया। वहीं व्यक्ति के संपर्क में आईं उसकी 62 वर्षीय मां और सात वर्षीय नातिन की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। जबकि मृतक व्यक्ति की पत्नी, पिता व बेटी की रिपोर्ट निगेटिव है।
वार्ड तीन के पार्षद अनिल सोनी ने कहा कि मृतक डिडवीं टिक्कर की एक वाहन कंपनी में बतौर मैनेजर कार्यरत था। उन्होंने मौत पर खेद व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। किन्नौर के क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में लियो निवासी कोरोना संक्रमित 29 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक को सांस लेने में परेशानी थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी ने बताया मृतक का कोविड-19 के प्रोटोकॉल के तहत शनिवार दोपहर बाद परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में जिला प्रशासन की देखरेख में पोवारी में अंमित संस्कार किया गया।
शिमला के आईजीएमसी अस्पताल में मंडी जिले के करसोग की रहने वाली 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई है। महिला की कोरोना रिपोर्ट आने के बाद उसे पांच अक्तूबर को आईजीएमसी के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया गया था लेकिन उसने शनिवार को दम तोड़ दिया है। सीएमओ डॉ. देवेंद्र शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उधर, प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस से 186 नए मामले आए हैं। शिमला में 39, कांगड़ा-सोलन में 28-28, कुल्लू में 25, चंबा-मंडी-हमीरपुर में 16-16-16, सिरमौर-ऊना में 9-9 मामले आए हैं।

No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box