शिमला- ट्राइसिटी चंडीगढ़ के बाद अब राज्य सरकार ने दिल्ली में फंसे हिमाचली लोगों को वापस लाने की तैयारी कर ली है। सोमवार से जिस तरह प्रदेश में कर्फ्यू में ढील के नए प्रावधान लागू होंगे। उसके साथ ही दिल्ली में फंसे हिमाचलियों को भी घर वापस लाने के लिए प्रयास शुरू होंगे। इतना ही नहीं धीरे-धीरे देश के दूसरे राज्यों में फंसे हिमाचलियों को भी घर लाने के लिए सरकार प्रयास करेगी, जिसके लिए सरकार ने सभी संबंधित जिलों के डीएम को निर्देश दे दिए हैं।
डीएम को कहा गया है कि वे अपने स्तर पर दूसरे राज्यों में फंसे हिमाचल के लोगों को वहां से वापस लाने के लिए प्रयास करेंगे। थोड़ी-थोड़ी संख्या में लोगों को पास जारी करने को कहा गया है। बता दें कि ट्राईसिटी चंडीगढ़ में जो हिमाचली हैं, वे अपने-अपने संबंधित जिलों के डीएम से संपर्क करेंगे या फिर हिमाचल भवन चंडीगढ़ से संपर्क करेंगे, जिसके बाद उनकी वापसी का इंतजाम होगा।
ऐसा ही दिल्ली के लिए भी है, जहां आवासीय आयुक्त से संपर्क साधकर लोग घर वापसी कर सकेंगे। बताया जाता है कि दिल्ली में हॉटस्पॉट क्षेत्रों में जो लोग रह रहे हैं, उन्हें यहां नहीं लाया जा सकेगा। जो भी व्यक्ति बाहर से हिमाचल में आएगा, उसकी बॉर्डर पर ही पूरी स्वास्थ्य जांच करवाई जाएगी। बिना स्वास्थ्य जांच के कोई भी हिमाचल में प्रवेश नहीं कर सकता। भले ही सरकार हिमाचलियों को लाने की छूट दे रही है, मगर कोविड का खतरा बरकरार है, जिससे हाथ नहीं खींचा जा सकता।
आपनी गाड़ी वालों को प्राथमिकता
अपने निजी वाहनों में बाहर से यहां आने वालों को सरकार प्राथमिकता देगी। उन लोगों को लाने के लिए यहां से परिजनों को भेजने की अनुमति सरकार देगी, जिसके लिए सभी डीएम को निर्देश दिए गए हैं। डीएम को कहा गया है कि वे सभी राज्यों में फंसे हिमाचलियों की दिक्कतों को लेकर अध्ययन करें और उन लोगों को भी वापस लाने के लिए प्रयास करें। इसके लिए उन लोगों को थोड़ों संयम भी रखना होगा, क्योंकि एकदम से सभी को नहीं लाया जा सकता है। इन लोगों को चरणबद्ध ढंग से लाएंगे, लेकिन स्वास्थ्य जांच का नियम उन सभी पर लागू होगा। सोमवार से सरकार कई तरह की रियायतें यहां के लोगों को देने जा रही है।

No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box