तीसा व सलूणी की 16 पंचायतें सील, आवाजाही पर पूर्ण रोक


तीसा व सलूणी की 16 पंचायतें सील, आवाजाही पर पूर्ण रोक


तीसा/सलूणी : जिला चंबा के उपमंडल तीसा में चार जमाती कोरोना पॉजिटिव पाए गए, जिस पर प्रशासन द्वारा तीसा की नौ पंचायतों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। ये पंचायतें तब तक सील रहेंगी, जब तक कि प्रशासन की ओर से आगामी आदेश जारी नहीं किए जाते हैं। इसके साथ ही एहतियात के तौर पर सलूणी की छह पंचायतों को भी सील कर दिया गया है।

उक्त चारों जमातियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के उपरांत उन्हें मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया है। मंगलवार सुबह कोरोना पॉजिटिव पाए गए जमातियों को तीसा से टांडा ले जाने के लिए चंबा से एंबुलेंस भेजी गई।इसी एंबुलेंस में उन्हें टांडा भेजा गया। संक्रमितों को एंबुलेंस में ले जाने से आधा घंटा पहले स्वास्थ्य कर्मियों ने व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट पहनी, ताकि उक्त व्यक्तियों के संपर्क में आने से उन्हें किसी प्रकार का कोई नुकसान न हो सके।

गौरतलब है कि दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी मरकज जमात से तीसा लौटे 11 जमातियों के स्वास्थ्य विभाग द्वारा सैंपल लिए गए थे। उन्हें जांच के लिए मेडिकल कॉलेज टांडा भेजा गया था। टांडा से चार जमातियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट है। 11 में से सात व्यक्तियों की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी।

वहीं, उपमंडल सलूणी की सात पंचायतों को भी सील कर दिया गया है। ये पंचायतें डियूर, कंधवारा, डांड, किहार, भांदल, स्नूह तथा किलोड़ हैं। उपमंडल सलूणी की सीमाएं भी उपमंडल चुराह से लगती हैं तथा लंगेरा-हिमगिरी-भंजराड़ू तथा सलूणी-बरोटी-नकरोड़ आदि सड़कें भी उपमंडल सलूणी को तीसा से जोड़ती हैं। उक्त सड़कों के माध्यम से दोनों उपमंडलों के लोगों की आवाजाही लगी रहती है। उपमंडल सलूणी प्रशासन के अनुसार यह मामला भी प्रशासन के संज्ञान में आया है कि सलूणी उपमंडल के कुछ स्थानीय लोगों ने भी निजामुद्दीन मरकज जमात के आयोजन सम्मेलन में भाग लिया था। इन्हीं तथ्यों को ध्यान में रखते हुए जिला दंडाधिकारी चंबा ने उपमंडल सलूणी की सात पंचायतों को कोरोना के संक्रमण से बचाने के लिए सील करने का फैसला लिया गया है।

उधर, एसडीएम सलूणी विजय कुमार का कहना है कि उक्त पंचायतों को संपूर्ण लॉकडाउन करने के आदेश प्राप्त हुए हैं। पंचायतों में किसी प्रकार की गाड़ियों व व्यक्तियों की आवाजाही भी प्रतिबंधित की गई है। इसके साथ ही रियायत के समय में इन पंचायतों के व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों को गाड़ियों के संबंध में जो पास जारी किए गए थे, उन सभी की वैधता तुरंत प्रभाव से खत्म की जाती है। यदि कोई भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इन पंचायतों को किया गया सील

उपमंडल तीसा में ग्राम पंचायत भंजराड़ू, तीसा-एक, तीसा-दो, गडफरी, खजुआ, जुंगरा, लेसवीं, खुशनगरी व थल्ली हैं। इन पंचायतों में सभी प्रकार की गतिविधियों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। मंगलवार को उक्त सभी पंचायतों में राशन व सब्जी की दुकानें नहीं खुलीं।


कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद चारों जमातियों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। इसके अलावा जिन सात जमातियों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। उन्हें तीसा स्थित क्वारंटाइन केंद्र में ही रखा गया है। लोगों से अपील है कि वे घरों में ही रहें तथा शारीरिक दूरी का पालन करें।

-डॉ. राजेश गुलेरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा



सब्जी की सप्लाई बंद

कोरोना के चार मामले पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। चुराह में सब्जी लेकर आने-जाने वाले सभी वाहन चालकों पर रोक लगा दी गई है, ताकि कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सके। तीसा में न तो कोई सब्जी की गाड़ी प्रवेश करेगी और न ही तीसा की तरफ से कोई गाड़ी चंबा की तरफ आएगी। इन दिनों क‌र्फ्यू के दौरान चुराह से मटर का तुड़ान किया जा रहा है। चुराह में काफी मात्रा में मटर की खेती की जाती है जो चंबा की तरफ लाई जाती है, लेकिन आगामी आदेशों तक कोई भी गाड़ी चंबा की तरफ नहीं आएगी।



कोरोना पॉजिटिव केस पाए जाने के बाद उपमंडल तीसा की नौ पंचायतें सील कर दी गई हैं। इस दौरान लोगों से घरों में ही रहने की अपील की गई है। यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। लोग घरों में रहें, ताकि वे स्वयं सुरक्षित रह सकें तथा समाज भी सुरक्षित रहे।

विवेक भाटिया, उपायुक्त चंबा



पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है। घरों से निकलने पर पूरी तरह से आवाजाही बंद रहेगी। अगर कोई बाहर निकलेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लोगों की हरसंभव मदद करेगी।

-डॉ. मोनिका, एसपी चंबा


No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in the comment box