हिमाचल में स्थानीय निकाय चुनाव का बिगुल बज गया है। प्रदेश के 50 स्थानीय निकाय में चुनाव 10 जनवरी को होगा। राज्य चुनाव आयोग द्वारा स्थानीय निकायों के चुनाव की घोषणा के साथ ही इन 50 शहरी निकायों में वीरवार से आचार संहिता भी लग गई। चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया 24 दिसंबर से शुरू होगी। नामांकन पत्र 24, 26 व 28 दिसंबर को भरे जाएंगे। 29 दिसंबर को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। 31 दिसंबर शाम 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त पी. मित्रा ने चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। इसके मुताबिक इन निकाय क्षेत्रों में 12 जनवरी को चुनावी प्रक्रिया पूरी होने तक आचार संहिता लागू रहेगी। राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना के मुताबिक 31 दिसंबर को नामांकन पत्र वापसी के बाद निर्वाचन अधिकारी उम्मीदवारों और उन्हें आवंटित चुनाव चिन्हों को सार्वजनिक करेंगे।
नामांकन पत्रभरने की प्रक्रिया आरंभ होने के साथ ही 24 दिसंबर को मतदान केंद्रों की सूची निकाय मुख्यालय में पहुंचा दी जाएगी। अधिसूचना के मुताबिक 10 जनवरी को मतदान सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा। मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही मतगणना निकाय मुख्यालय में होगी। इसी दिन चुनाव परिणाम घोषित होंगे।
राज्य में कुल 61 निकाय हैं
प्रदेश में 61 नगर निकाय हैं। इनमें सोलन, मंडी, पालमपुर को सरकार ने बीते दिनों नगर निगम बना दिया था। साथ ही धर्मशाला व शिमला पहले से ही नगर निगम हैं। शिमला नगर निगम के चुनाव 2022 में होने हैं। धर्मशाला ,सोलन , मंडी व पालमपुर के चुनाव मार्च में होंगे। इन 5 नगर निगमों के अलावा प्रदेश में 56 स्थानीय निकाय हैं। 50 नगर निकायों में चुनाव होने हैं। अक्टूबर में सरकार द्वारा गठित अंब, चिड़गांव नेरवा, निरमंड, आनी व कंडाघाट स्थानीय निकायों का चुनावी कार्यक्रम निर्वाचन आयोग बाद में जारी करेगा। जिन 50 स्थानीय निकायों में चुनाव होने हैं उनमें 29 नगर परिषद व 21 नगर पंचायतें शामिल हैं।
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box