प्रदेश के छात्रों की टेंशन दूर, बोर्ड परीक्षा में सिर्फ 20 प्रतिशत ही पूछे जाएंगे कठिन सवाल
हिमाचल प्रदेश में इस बार बोर्ड की दसवीं व जमा दो की फाइनल परीक्षाओं में 20 प्रतिशत ही कठिन सवाल पूछे जाएंगे। साथ ही 40 प्रतिशत बिलकुल आसान व 40 प्रतिशत एवरेज सवाल प्रश्नपत्रों में डाले जाएंगे। स्कूल शिक्षा बोर्ड व शिक्षा विभाग ने बोर्ड प्रश्नपत्रों को लेकर मॉडल तैयार कर दिया है। वहीं फैसला लिया है कि बोर्ड के एग्जाम में मेधावी छात्रों का चयन किया जा सके, इसको ध्यान में रखते हुए 20 प्रतिशत हार्ड क्वेश्चन पूछे जाने का निर्णय लिया है।
बताया जा रहा है कि इस बार ए, बी, सी तीनों सीरीज के सवाल आसान होंगे, किसी भी सीरीज में छात्रों पर ज्यादा दबाव नहीं डाला जाएगा। बुधवार को शिक्षा निदेशालय में सभी जिला उपनिदेशकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस रखी गई। कॉन्फ्रेंस में जिला उपनिदेशकों को निर्देश दिए गए कि अब स्कूलों को बोर्ड एग्जाम की तैयारी करवाने के कड़े आदेश दिए जाएं। इसके अलावा 30 प्रतिशत सिलेबस कटौती के बारे में छात्रों को जागरूक किया जाए।
शिक्षा निदेशक की ओर से आदेश दिए गए हैं कि सभी स्कूलों से छात्रों, शिक्षकों, गैर शिक्षकों की उपस्थिति सूची एक बजे तक निदेशालय में पहुंचाई जाए। इसके अलावा स्कूलों को ये भी आदेश हुए हैं कि बोर्ड में पढ़ने वाले साइंस छात्रों से प्रैक्टिकल की तैयारी भी करवाई जाए। इसके अलावा आठ मार्च में होने वाली प्री-बोर्ड की परीक्षाओं में कमजोर रहने वाले छात्रों की सुधारात्मक कक्षाएं तुरंत भाव से शुरू की जाएं।
वहीं शिक्षा निदेशक की ओर से जारी हुए नए निर्देशों में एक बार फिर से कहा गया है कि किसी अध्यापक, गैर शिक्षक कर्मचारी तथा किसी छात्र में खांसी, बुखार, बदन दर्द, सिर दर्द आदि लक्षण पाए जाते हैं, तो ऐसे में उन्हें स्वास्थ्य सामान्य होने पर ही विद्यालय में उपस्थित होने के बारे में कहा जाए। दसवीं व जमा दो के छात्रों के मॉडल प्रश्नपत्र वेबसाइट पर डाल दिए गए हैं। छात्र स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट से मॉडल प्रश्नपत्रों से फाइनल एग्जाम की तैयारी कर सकते हैं। (एचडीएम)
30 फीसदी सिलेबस में कटौती
इस बार बोर्ड के फाइनल एग्जाम में 30 प्रतिशत सिलेबस में जो कटौती की जाएगी, उस पर भी बोर्ड व शिक्षा विभाग ने स्कूलों को अवगत करवा दिया है। वहीं अब स्कूल शिक्षकों को छात्रों को कक्षाओं में जो सिलेबस फाइनल एग्जाम में नहीं पूछा जाएगा, उसके बारे में छात्रों को बताना होगा। जानकारी के अनुसार इस बार बोर्ड में छात्रों से वह सिलेबस नहीं आएगा, जो अगली कक्षाओं में छात्रों को पढ़ना है।

No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box