चंबा में सीएमओ राजेश गुलेरी बोले, 31 मार्च तक बनाए जाएंगे कार्ड
सीएमओ चंबा डा. राजेश गुलेरी ने कहा कि जिले के पात्र परिवारों को हिमकेयर योजना का लाभ पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से कार्ड बनाने का कार्य एक बार फिर से आरंभ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि चंबा जिला में 31 मार्च 2021 तक कार्ड बनाने का कार्य किया जा रहा है। वह गुरुवार को कार्यालय परिसर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की महत्त्वाकांक्षी योजनाओं आयुष्मान भारत व हिमकेयर योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है ताकि सभी पात्र परिवारों को इन योजनाओं से जोड़ा जा सके।
आयुष्मान योजना के तहत चिन्हित 48669 परिवारों में से 27366 परिवारों के 665687 लोगों को गोल्डन कार्ड प्रदान किए जा चुके हैं। हिमकेयर योजना के तहत अब तक जिला चंबा के 19072 परिवारों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। जो परिवार आयुष्मान भारत में कवर नहीं हैं या सरकारी कर्मचारी अथवा सेवानिवृत्त कर्मचारी नहीं हैं वे हिम केयर योजना का लाभ उठा सकते हैं। लोकमित्र केंद्र में राशन कार्ड, परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड तथा संबंधित विभाग से जारी प्रमाणपत्र अनिवार्य हैं। इस योजना के तहत पांच लाख रुपए तक का इलाज सरकार द्वारा चिन्हित अस्पतालों में निःशुल्क किया जाता है। हिमकेयर योजना का लाभ मनरेगा मजदूर, फेरी व रेहड़ी-फड़ी वाले, बुजुर्ग व बीपीएल परिवार निःशुल्क ले सकते हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा हेल्पर सहित अन्य पात्र लोग 365 रुपए प्रतिवर्ष और अन्य लोग 1000 रुपए प्रति वर्ष देकर अपना कार्ड बनवा सकते हैं। 31 मार्च तक कार्ड बनाए जाएंगे और लोग अपने नजदीकी लोकमित्र केंद्र अथवा मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय चंबा में पहुंचकर कार्ड बना सकते हैं। उन्होंने बताया कि हिमकेयर स्वास्थ्य योजना आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए शुरू की गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आह्वान किया है कि हिम केयर तथा आयुष्मान भारत योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और 31 मार्च से पूर्व हिम केयर कार्ड अवश्य बनवाएं।
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in the comment box